ईमानदारी की मिसाल: पुलिस कांस्टेबल ने लौटाया गहनों से भरा पर्स

0
125

जयपुर। राजधानी के श्याम नगर थाना पुलिस के एक कांस्टेबल ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की अनूठी मिसाल पेश की है । ड्यूटी के दौरान मिले करीब 30 लाख रुपये की ज्वेलरी और नकदी से भरे पर्स को पुलिस ने सुरक्षित उसकी असली मालकिन तक पहुँचाया ।

चेतक ड्यूटी के दौरान मिला पर्स

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि सोमवार को श्याम नगर थाने में तैनात कांस्टेबल मुखराम कटेवा नगर क्षेत्र में चेतक ड्यूटी पर थे । गश्त के दौरान उन्हें लावारिस अवस्था में एक पर्स मिला । कांस्टेबल ने तुरंत इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी और पर्स को थाने के मालखाने में जमा करवाया।

शादी में जाते समय गिरा था पर्स

पर्स की मालकिन रीता मिश्रा (निवासी कटेवा नगर) ने बताया कि वह अपने बच्चों के साथ बीकानेर में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रही थीं । ऑटो में बच्ची को बैठाते समय उनका पर्स सड़क पर गिर गया था । पर्स में 2 सोने की चैन, 2 ब्रेसलेट, 1 सोने का हार, 5 सोने की अंगूठियां सहित 10 हजार 600 रुपये और मोबाइल फोन था।

सामान का मिलान कर लौटाया

पर्स में रखे मोबाइल पर जब कॉल आया तो पुलिस ने पीड़िता को थाने बुलाया। तस्दीक के बाद महिला को उनका सामान सुपुर्द कर दिया गया। पर्स लौटाने में कांस्टेबल मुखराम की विशेष भूमिका रही, जिसकी उच्चाधिकारियों ने सराहना की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here