जयपुर। राजधानी में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए तैनात कालिका पेट्रोलिंग टीम ने सोमवार को एक मनचले को सलाखों के पीछे पहुंचाया है। यह युवक काफी समय से एक युवती का साए की तरह पीछा कर उसे दोस्ती के लिए डरा-धमका रहा था।
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि सोमवार को कालिका पेट्रोलिंग यूनिट (गुलाब, सुमित्रा, सोनू और रेखा) गश्त पर थी । इसी दौरान एक युवती ने फोन पर सूचना दी कि एक युवक रोज उसका पीछा करता है और दोस्ती न करने पर धमकियाँ देता है । युवती ने बताया कि वह युवक उसके मोती डूंगरी स्थित ऑफिस तक पहुँच गया है और बाहर थड़ी पर बैठकर उसका इंतजार कर रहा है। जिससे उसका घर से निकलना मुश्किल हो गया है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रानू शर्मा के नेतृत्व में टीम ने तुरंत मौके पर पहुँचकर युवती से संपर्क किया। युवती के इशारे पर टीम ने आरोपी अंकित पाराशर (24) निवासी मंडरायल जिला करौली को दबोच लिया ।
जब पुलिस ने उसका मोबाइल चेक किया तो उसमें युवती का नंबर और उसकी स्कूटी के साथ खींची गई तस्वीरें मिलीं । पुलिस ने फोन से डेटा डिलीट करवा कर आरोपी को मोती डूंगरी थाने के सुपुर्द कर दिया है । पुलिस प्रशासन ने महिलाओं से अपील की है कि वे किसी भी विषम परिस्थिति में निर्भया हेल्पलाइन की सहायता लें ।




















