श्रीराम मंदिर में 71वां पाटोत्सव: ध्वजा स्थापना बनी आकर्षण का केंद्र

0
42
71st Patotsav at Shri Ram Temple
71st Patotsav at Shri Ram Temple

जयपुर। श्रीराम मंदिर प्रन्यास सनातन धर्म सभा, आदर्श नगर के तत्वावधान में श्रीराम मंदिर के 71वें स्थापना दिवस (पाटोत्सव) के उपलक्ष्य में सोमवार को अक्षय तृतीया पर विविध धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धा और भक्ति भाव से सम्पन्न हुए।

इस कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः पं. बनवारी लाल शर्मा के आचार्यत्व में हवन से हुई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो उठा। इसके बाद हरचरण, रानी, विक्रम और करण लेकर द्वारा बालाजी की प्रतिमा पर विधिवत पीतल के ध्वजदंड का पूजन एवं स्थापना की गई।

महामंत्री अनिल खुराना ने बताया कि स्थापित ध्वजा का वजन 125 किलो है, दंड की ऊंचाई 26 फीट है तथा ध्वज 3 फीट चौड़ा और 4 फीट लंबा है। ध्वज पर कोविदार वृक्ष (रघुकुल का प्रतीक), सूर्य देव (सत्य, धर्म और ज्ञान का प्रतीक) तथा ‘ॐ’ (ब्रह्मांडीय ऊर्जा का प्रतीक) के चिन्ह अंकित हैं।

कोषाध्यक्ष लक्ष्मण मलिक ने बताया कि भजन-सत्संग में महिला मंडल द्वारा प्रस्तुत भजनों ने भक्तिमय माहौल बना दिया। भगवान को नवीन पोशाक धारण कराई गई तथा ऋतु पुष्पों से भव्य सजावट की गई। इसके पश्चात प्राकट्य आरती सम्पन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

पं. बनवारी लाल शर्मा ने ध्वजा स्थापना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सनातन धर्म में मंदिरों पर ध्वजा स्थापना शुभ मानी जाती है। यह सकारात्मक ऊर्जा और “रक्षा ध्वज” का प्रतीक है, जो मंदिर और क्षेत्र की रक्षा का संकेत देती है।

कार्यक्रम के अंत में प्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें विधायक कालीचरण सराफ, भाजपा नेता सरदार अजयपाल सिंह, देवेंद्र सिंह शंटी, चंद्र भाटिया, किशोर मोतियानी, मेहर परनामी, नितिन भाटिया, गुलशन खत्री सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंदिर समिति के राजीव मनचंदा, रवि सचदेवा, हाकिम गेरा, जितेंद्र चड्ढा, रमेश गुलाटी और मीडिया प्रभारी तुलसी संगतानी भी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here