जयपुर। शहर में मानवता की मिसाल पेश करते हुए राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित समाजसेवी नीरज तम्बोलिया ने गरीब, असहाय एवं लावारिस मृतकों की अस्थियों का विधि-विधान से हरिद्वार में विसर्जन किया। आदर्श नगर लावारिस मोक्षधाम से अस्थि कलश संग्रहित किए गए। इसके बाद हर की पौड़ी स्थित गंगा तट पर पूजा-अर्चना कर अस्थियों का विसर्जन किया गया तथा दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
तम्बोलिया वर्ष 2011 से इस सेवा कार्य से जुड़े हैं और अब तक सैकड़ों लावारिस मृतकों को अंतिम सम्मान दिला चुके हैं। उन्होंने बताया कि जिन लोगों का कोई अपना नहीं होता, उनके लिए यह प्रयास अंतिम संस्कार की गरिमा बनाए रखने का एक छोटा सा प्रयास है। इस पहल के जरिए समाज को यह संदेश दिया गया कि हर व्यक्ति को मृत्यु के बाद सम्मान मिलना चाहिए।




















