गृहे-गृहे यज्ञ अभियान: बुद्ध पूर्णिमा पर 11 हजार घरों में एक ही समय होगा गायत्री हवन

0
43

जयपुर। समर्थ एवं शक्तिशाली राष्ट्र निर्माण की कामना के साथ अखिल विश्व गायत्री परिवार के आह्वान पर बुद्ध पूर्णिमा, एक मई को देशभर में गृहे-गृहे यज्ञ अभियान के अंतगर्त 24 लाख स्थानों पर हवन का आयोजन किया जाएगा। राजस्थान के एक लाख घरों में एक साथ गायत्री महायज्ञ संपन्न होगा। वहीं, जयपुर में 11 हजार घरों में एक ही समय गायत्री हवन होगा। इस संबंध में बुधवार को किरण पथ मानसरोवर स्थित श्री वेदमाता गायत्री वेदना निवारण केन्द्र पर बैठक का आयोजन किया गया।

गायत्री परिवार राजस्थान के मुख्य ट्रस्टी ओप्रकाश अग्रवाल ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्र निर्माण तथा वैश्विक सुख-शांति की कामना के साथ जन-जागरण को बढ़ावा देना है। गायत्री परिवार से जुड़े शक्ति पीठ, चेतना केन्द्र, प्रज्ञा मंडल, युवा एवं महिला मंडल के कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर यज्ञ सामग्री किट का वितरण करने में जुट गए हैं।

आचार्यगण सरल विधि-विधान के साथ हवन संपन्न कराने में सहयोग करेंगे। विशेष रूप से नए परिवारों को इस अभियान से जोडऩे पर जोर दिया जा रहा है। कार्यक्रम प्रात: 7:30 बजे आरंभ होगा। जबकि प्रतिभागियों से 7:15 बजे तक जुडक़र आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने का आग्रह किया गया है। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे कम से कम पांच नए परिवारों तक यज्ञ सामग्री एवं ऑनलाइन लिंक पहुंचाकर इस आध्यात्मिक अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करें।

यज्ञ के बाद तरु प्रसाद के रूप में पौधों का वितरण किया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचे। साथ ही लोगों को रक्तदान और अंगदान के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। बुद्ध पूर्णिमा होने से महात्मा बुद्ध की जीवनी पुस्तिका का निशुल्क वितरण किया जाएगा।

डिजिटल माध्यम से अभियान बनेगा व्यापक:

गायत्री परिवार जयपुर उप जोन समन्वयक सुशील कुमार शर्मा ने बताया कि अभियान को डिजिटल माध्यमों से भी व्यापक बनाया गया है। इच्छुक व्यक्ति यूट्यूब, सोशल मीडिया एवं मोबाइल एप के माध्यम से यज्ञ की विधि सीखकर अपने घर पर स्वयं भी हवन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त मंदिरों, कॉलोनियों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी सामूहिक यज्ञ आयोजन की तैयारियां चल रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here