जयपुर। झोटवाड़ा रीको एरिया में शालीमार चौराहा स्थित बड़ पीपली बालाजी धाम में जनकल्याण की कामना के साथ 43 दिवसीय अनुष्ठान में सोमवार को 108 किलो दूध से हनुमान जी महाराज प्रतिमा का अभिषेक किया गया। महंत प्रमेन्द्र नाथ महाराज ने वेद मंत्रोच्चार के साथ दुग्धाभिषेक किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने राम नाम का सवा लाख जप किया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जयपुर प्रांत प्रचारक बाबूलाल ने भी दुग्धाभिषेक कर आशीर्वाद लिया।
घुमंतू जाति उत्थान न्यास के महानगर संयोजक राकेश कुमार शर्मा, समाजसेवी एवं उद्योगपति नागरमल अग्रवाल, नरेंद्र सिंह, रामसिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। धाम के प्रवक्ता विक्रम सिंह रुंडल ने बताया कि 16 अप्रैल से प्रारंभ हुआ दुग्धाभिषेक अनुष्ठान 28 मई तक चलेगा। प्रतिदिन 24 घंटे हवन भी जारी है।
शाम 5:30 से 7:30 बजे तक रोगमुक्ति के लिए बालाजी के समक्ष विशेष प्रार्थना की गई। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। दुग्धाभिषेक का दूध रीको क्षेत्र में जीवों के उपयोग के लिए जगह-जगह रख दिया जाता है।



















