भक्ति और सेवा का संगम: श्री अमरापुर स्थान में पंच दिवसीय जन्मोत्सव शुरू

0
67
Five-Day Birth Anniversary Celebrations Begin at Shri Amarapur Sthan
Five-Day Birth Anniversary Celebrations Begin at Shri Amarapur Sthan

जयपुर। आस्था और भक्ति के प्रमुख केंद्र श्री अमरापुर स्थान में सद्गुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज के प्रेम प्रकाश मंडल के चतुर्थ पीठाधीश्वर मर्यादा मूर्ति सद्गुरु स्वामी हरिदास राम जी महाराज का पंच दिवसीय जन्मोत्सव सोमवार को मोहिनी एकादशी के अवसर पर श्रद्धा और उल्लास के साथ शुरू हुआ। इस बार उत्सव को विशेष रूप से ‘सेवा संकल्प’ के रूप में मनाया जा रहा है, जिसमें भजन-कीर्तन के साथ विभिन्न सेवा कार्यों को प्रमुखता दी गई है।

जन्मोत्सव के प्रथम दिन प्रातः 6:30 बजे संत-महात्माओं के सानिध्य में विशेष पूजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच श्रीमद्भगवद्गीता एवं श्री प्रेम प्रकाश ग्रंथ साहिब के पाठों का विधिवत पूजन कर शुभारंभ हुआ। नित्य नियम प्रार्थना के बाद संतों ने सद्गुरु स्वामी हरिदास राम जी महाराज के जीवन, आदर्शों और सेवामयी दर्शन पर प्रकाश डाला। सामूहिक आरती के साथ मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान हो उठा।

श्री अमरापुर स्थान के स्वामी मोहन प्रकाश महाराज ने बताया कि सद्गुरु स्वामी हरिदास राम जी का जीवन परोपकार और सेवा का संदेश देता है, इसलिए जन्मोत्सव को सेवा संकल्प के रूप में मनाया जा रहा है।

वहीं मोहिनी एकादशी पर मांगयावास स्थित ‘सद्गुरु टेऊँराम गौशाला’ में गौ-माताओं को गर्मी से राहत देने के लिए तरबूज, खरबूजे और आम जैसे शीतल फल खिलाए गए। इसके साथ ही मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं और राहगीरों को भोजन प्रसाद के साथ छाछ, लस्सी और शर्बत वितरित किया गया और एसएमएस और बांगड़ अस्पताल के बाहर जरूरतमंदों को भोजन, मिष्ठान और ठंडी छाछ बांटकर सेवा कार्य को विस्तार दिया गया।

पंच दिवसीय इस महोत्सव के तहत 1 मई तक सत्संग, कीर्तन और सेवा गतिविधियां निरंतर जारी रहेंगी। समापन दिवस पूर्णिमा (1 मई) को सुबह 7 से 11 बजे संतों के सत्संग, गीता एवं ग्रंथ साहिब के पाठों के भोग, दीप प्रज्वलन, बधाई गीत, महाप्रसादी भोग और विशाल भंडारे के साथ उत्सव का समापन किया जाएगा। उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और पूरा परिसर भक्ति एवं सेवा के रंग में रंगा हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here