चिकित्सा मंत्री खींवसर ने किया एसएमएस मेडिकल कॉलेज के ईएनटी विभाग में अत्याधुनिक सुविधाओं का लोकार्पण

0
44
Medical Minister Khimsar inaugurated state-of-the-art facilities at the ENT Department of SMS Medical College.
Medical Minister Khimsar inaugurated state-of-the-art facilities at the ENT Department of SMS Medical College.

जयपुर। सवाई मानसिंह चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय जयपुर के ईएनटी विभाग में आधुनिक सुविधाओं के उन्नयन और विस्तार का लोकार्पण चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने बुधवार को किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस प्रकार के विकास कार्य न केवल मरीजों की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करते हैं, बल्कि यूजी और पीजी चिकित्सा विद्यार्थियों की शिक्षा के लिए भी अत्यंत उपयोगी हैं।

मंत्री खींवसर ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में इस तरह की अत्याधुनिक सुविधाओं का विस्तार प्रदेश की आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे प्रयास राजस्थान को चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ.पवन सिंघल ने विभाग में हुए व्यापक सुधारों की जानकारी देते हुए बताया कि मरीजों की देखभाल, यूजी-पीजी शिक्षण, स्टाफ भर्ती और रिसर्च के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि विभाग की सबसे बड़ी उपलब्धि अत्याधुनिक कॉक्लियर इम्प्लांट ऑपरेशन थिएटर की स्थापना है, जहां जटिल कान सर्जरी और सुनने की क्षमता बहाल करने वाले ऑपरेशन किए जाएंगे। डॉ. सिंघल ने बताया कि 800 वर्ग फीट क्षेत्र में 10 स्टेशनों वाला स्किल लैब तैयार किया गया है, जहां रेजिडेंट डॉक्टरों को व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा। साथ ही वर्टिगो जैसे रोगों के उपचार के लिए एक समग्र न्यूरो-ऑटोलॉजी लैब भी स्थापित की गई है।

विभाग में ओपीडी और ओटी ब्लॉक का नवीनीकरण किया गया है तथा सियालोएंडोस्कोपी सेट सहित कई नए उपकरण जोड़े गए हैं। ऑडियोलॉजी सेवाओं को मजबूत करने के लिए नए कमरे, मशीनें और कुल 5 ऑडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति की गई है, साथ ही 8 कमरों वाला ऑडियोलॉजी विंग विकसित किया गया है।

डॉ. सिंघल ने बताया कि विभाग में अनुशासन बनाए रखने के लिए दो ऑडियोलॉजिस्ट को कार्यमुक्त भी किया गया है। यह अपग्रेडेशन ईएनटी विभाग को एक ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जो आधुनिक चिकित्सा और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का केंद्र बनेगा।

इस अवसर पर प्रिंसिपल कंट्रोलर डॉ. दीपक माहेश्वरी, सुपरिंटेंडेंट डॉ. मृणाल जोशी, भाजपा नेता श्रवण सिंह बगड़ी सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक और रेजिडेंट उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here