जयपुर। खटीक समाज के 23 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्मेलन कालवाड़ रोड स्थित एक मैरिज गार्डन में आयोजित किया गया। कालवाड़ शक्तिपीठ और करधनी चेतना केन्द्र के महिला मंडल के कार्यकर्ताओं ने सामूहिक विवाह सम्मेलन में सेवाएं दीं।
अनीता महामना के सान्निध्य में विवाह संस्कार कराया गया गए। गायत्री परिवार की बहनों ने मंगल गीतों के माध्यम से वातावरण को भक्ति और उल्लास से भर दिया। कुसुम सिंघल ने विधिवत विवाह संस्कार कराया। कालवाड़ शक्तिपीठ और करधनी चेतना केंद्र से 23 आचार्य सहयोगी भाई-बहनों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि यह रही कि एक वधू के पिता ने सार्वजनिक रूप से शराब जैसे घातक व्यसन का त्याग करने की घोषणा की और संकल्प लिया कि विवाह में कभी भी शराब का उपयोग नहीं करेंगे। इस प्रेरणादायक पहल की उपस्थित जनसमूह ने सराहना की।
आयोजन के दौरान नवदंपतियों को अखंड ज्योति, आओ गढ़े संस्कार और ईश्वर कौन कैसा जैसी प्रेरणादायक पुस्तकें भेंट स्वरूप प्रदान की गईं। गायत्री शक्तिपीठ कालवाड़ के मुख्य ट्रस्टी धर्म सिंह राजावत ने सभी नव युगलों को आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम में विनोद पारीक, एमडी शर्मा, सज्जन, सुनीता राठौड़, रजनी, प्रसिद्धि, नितिन, लक्ष्मी सहित अनेक कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता रही। दूदू से भी कार्यकर्ता विशेष रूप से शामिल हुए।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने विवाह में अनावश्यक आडंबर, फिजूलखर्ची और दहेज प्रथा के विरोध का संदेश दिया। साथ ही गर्भ संस्कार, ग्रंथि बंधन की वैज्ञानिकता और सुसंस्कारित पारिवारिक जीवन के महत्व पर विचार साझा किए गए।



















