साइबर ठगी गिरोह का एक सदस्य गिरफ्तार: 13.67 लाख की ठगी का खुलासा

0
73

जयपुर। राजधानी जयपुर में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना श्याम नगर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार कर लाखों रुपये की साइबर ठगी का खुलासा किया है।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि 3 मई को पुलिस आयुक्तालय के निर्देशानुसार चलाए जा रहे एरिया डोमिनेशन अभियान के दौरान रानी सती नगर क्षेत्र में बिल्डिंग चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक को पकड़ा गया और उसे थाने लाकर पूछताछ की गई।

पूछताछ के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन की जांच की गई, जिसमें कई बैंक खातों, क्यूआर कोड और लेनदेन से जुड़े दस्तावेज मिले। साइबर पोर्टल पर जांच करने पर इन बैंक खातों के खिलाफ कुल 7 शिकायतें दर्ज होना सामने आया।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी के बैंक खातों के माध्यम से अब तक कुल 13,67,706 रुपये की ठगी की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है। इस पर पुलिस ने प्रकरण संख्या 196/2026 दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि साइबर अपराधों के खिलाफ इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here