जयपुर। शिवदासपुरा थाना क्षेत्र स्थित महात्मा गांधी हॉस्पिटल में सोमवार सुबह एक युवा डॉक्टर का शव ऑपरेशन थिएटर (ओटी) में मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।
जांच अधिकारी एएसआई घनश्याम ने बताया कि मृतक डॉ. सुनील कुमार (30) पुत्र कुलदीप लाहौर, निवासी हनुमानगढ़ थे, जो महात्मा गांधी हॉस्पिटल में पीजी सेकेंड ईयर के छात्र थे। रविवार शाम करीब 7 बजे उनकी ओटी में ड्यूटी थी, लेकिन सोमवार सुबह करीब 8 बजे तक वे साथियों को नहीं मिले।
इस पर साथी डॉक्टर उन्हें तलाशते हुए ऑपरेशन थिएटर पहुंचे, जहां डॉ. सुनील कुमार फर्श पर मृत अवस्था में पड़े मिले। हॉस्पिटल प्रशासन ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मेडिकल सूचना पर शिवदासपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के लिए मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।
एसीपी (चाकसू) भवानी सिंह ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या या बीमारी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और विभिन्न संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है, ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके।



















