जयपुर। राजधानी जयपुर में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की सतर्कता और बहादुरी का सराहनीय उदाहरण सामने आया है। ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए एक जेबकतरे को मौके पर ही पकड़ लिया और उसके कब्जे से नकदी बरामद की।
जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 2 बजे अब्दुल रऊफ नामक व्यक्ति एक राहगीर की जेब काटकर भाग रहा था। इसी दौरान ट्रैफिक ड्यूटी पर मौजूद कांस्टेबल महावीर और अनिल ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत कार्रवाई की और आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया।
तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 8 हजार नकद (पांच-पांच सौ रुपये के नोट) बरामद किए गए। इसके बाद दोनों पुलिसकर्मियों ने आरोपी को ई-रिक्शा के माध्यम से डीआरएम की ओर से पुलिस थाना सदर पहुंचाया।
थाना सदर में आरोपी अब्दुल रऊफ को हेड कांस्टेबल मुंशीराम के सुपुर्द किया गया। जहां फर्द जब्ती एवं फर्द गिरफ्तारी की कार्रवाई पूरी की गई। जांच में आरोपी थाना सदर का हिस्ट्रीशीटर भी पाया गया।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं कार्रवाई के बाद दोनों पुलिसकर्मी पुनः अपनी ड्यूटी पर लौट गए। इस साहसिक और तत्पर कार्रवाई के लिए कांस्टेबल महावीर और अनिल की सराहना की जा रही है।



















