स्टेशनरी गोदाम में भीषण आग: चार घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

0
53

जयपुर। राजधानी के महेश नगर थाना इलाके स्थित सूर्य नगर कॉलोनी में बुधवार शाम एक मकान में बने स्टेशनरी गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मकान के भीतर पेन, किताबें और अन्य स्टेशनरी सामग्री का गोदाम संचालित किया जा रहा था। अत्यधिक ज्वलनशील सामान होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी।

दमकल विभाग की करीब 10 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। शाम करीब साढ़े चार बजे लगी आग पर करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया जा सका। आग की तीव्रता को देखते हुए दमकलकर्मियों को मकान की दीवार तोड़कर भीतर पानी डालना पड़ा।

राहत की बात यह रही कि समय रहते आसपास के लोगों और मकान में रह रहे छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जानकारी के अनुसार मकान में चार से पांच छात्र किराए पर रहकर पढ़ाई कर रहे थे। वहीं दमकलकर्मियों ने मौके से तीन घरेलू गैस सिलेंडरों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया। यदि आग सिलेंडरों तक पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

आग से लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मकान मालिक और गोदाम संचालन से जुड़ी जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि रिहायशी इलाके में कब से गोदाम जैसी व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं और वहां किस प्रकार का सामान रखा गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here