जमीन विवाद में फौजी बना ‘खलनायक’: अपहरण और हत्या की साजिश नाकाम

0
42
Kidnapping and Murder Conspiracy Foiled
Kidnapping and Murder Conspiracy Foiled

जयपुर। राजधानी जयपुर में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आग” के तहत मालपुरा गेट थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सेना के एक जवान सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी जमीन विवाद और 75 लाख रुपए की कथित ठगी का बदला लेने के लिए दो लोगों के अपहरण और हत्या की योजना बना रहे थे।

पुलिस उपायुक्त पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि काले रंग की थार गाड़ी में कुछ संदिग्ध युवक अवैध हथियार लेकर बम्बाला पुलिया से सीआईएसएफ कैंप की ओर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने तत्काल नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहन को रुकवाया। तलाशी के दौरान गाड़ी की सीट के नीचे रखे बैग से एक अवैध पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए।

पुलिस ने मौके से भाग्यसिंह (34) निवासी नादौती जिला करौली और लवकुश गुर्जर (21) निवासी गुढ़ाचंद्रजी जिला करौली को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी भाग्यसिंह भारतीय सेना की 5 राजपूत रेजिमेंट में नायक’ पद पर तैनात है और वर्तमान में दिल्ली परेड ग्राउंड में पदस्थापित है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2019 में प्रहलाद खटाना और नरसी फागना नामक व्यक्तियों ने जयपुर में प्लॉट दिलाने के नाम पर उससे करीब 75 लाख रुपए की ठगी की थी।

लंबे समय तक रुपए वापस नहीं मिलने और आर्थिक संकट से परेशान होकर वह छुट्टी लेकर जयपुर आया था। उसने दोनों व्यक्तियों का अपहरण कर हत्या करने की नीयत से अवैध हथियार खरीदा था। आरोपी दोनों की तलाश कर ही रहे थे कि पुलिस ने बीच रास्ते पकड़ लिया।

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक अलीमुद्दीन, एएसआई गोपाल लाल, हेड कांस्टेबल सत्यवीर, बृजमोहन तथा कांस्टेबल कर्ण सिंह और मनीष की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here