जयपुर में सरस दूध फिर महंगा: आज शाम से बढ़ी नई दरें लागू

0
51

जयपुर। जयपुर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड (जयपुर डेयरी) ने सरस दूध और दुग्ध उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें 21 मई की शाम से लागू होंगी। डेयरी ने दूध के दाम में प्रति लीटर 2 रुपए की वृद्धि की है।

डेयरी प्रशासन ने दूध के साथ दही, छाछ, लस्सी और पनीर की कीमतों में भी इजाफा किया है। 200 ग्राम पनीर का पैकेट अब 74 रुपए की बजाय 80 रुपए में मिलेगा, जबकि एक किलो पनीर की कीमत 362 रुपए से बढ़ाकर 385 रुपए कर दी गई है।

इसके अलावा 200 ग्राम दही का पैक अब 16 रुपए की जगह 18 रुपए में मिलेगा। 400 ग्राम दही के पैकेट की कीमत 32 रुपए से बढ़ाकर 36 रुपए कर दी गई है। सादा छाछ पर 1 रुपए तथा नमकीन छाछ और लस्सी पर 2-2 रुपए की बढ़ोतरी की गई है।

जयपुर डेयरी ने इससे पहले अगस्त 2025 और अगस्त 2024 में भी दूध के दाम में 2-2 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। वर्ष 2017 से अब तक दूध के दाम 12 बार बढ़ाए जा चुके हैं।

बढ़ी हुई कीमतों का असर जयपुर और दौसा जिले के उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। जयपुर डेयरी वर्तमान में दोनों जिलों में प्रतिदिन 11.60 लाख लीटर से अधिक दूध की सप्लाई करती है।

डेयरी प्रशासन ने दूध के खरीद मूल्य में भी वृद्धि की है। अब दुग्ध उत्पादकों को 850 रुपए प्रति किलोग्राम फैट की बजाय 875 रुपए प्रति किलोग्राम फैट की दर से भुगतान किया जाएगा।

गौरतलब है कि इससे पहले 13 मई को अमूल और मदर डेयरी ने भी दूध की कीमतों में 2 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here