जयपुर। राजधानी के सोडाला थाना क्षेत्र में अजमेर रोड स्थित एक स्पा सेंटर पर शनिवार को पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतों के आधार पर बड़ी कार्रवाई की। छापे के दौरान मौके पर हड़कंप मच गया, जबकि कार्रवाई में बाधा डालने और पुलिस से उलझने पर दो युवकों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि अवैध व अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत सोडाला थाने के उपनिरीक्षक जयकुमार अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अजमेर रोड स्थित ‘आईकॉनिक आयुर्वेद स्पा सेंटर’ में संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हैं।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने चेतक-33 मोबाइल यूनिट के साथ मौके पर पहुंचकर अचानक दबिश दी। पुलिस के प्रवेश करते ही स्पा सेंटर में अफरा-तफरी मच गई।
वहीं कार्रवाई के दौरान वहां मौजूद दो युवक पुलिस टीम से उलझ गए और पूछताछ के दौरान हंगामा करने लगे। दोनों ने खुद को रसूखदार बताते हुए “ऊपर तक पहुंच” होने की धमकी दी और पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। इस दौरान धक्का-मुक्की और तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को काबू में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126 एवं 170 के तहत शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार किया गया है। वहीं मौके पर मौजूद छह युवतियों को समझाइश देकर छोड़ दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तम दास (46) निवासी गोपालपुरा, जयपुर और शरीफ मोहम्मद (40) निवासी अशोक विहार, मुहाना के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि स्पा सेंटर की आड़ में संचालित गतिविधियों की गहन जांच की जा रही है। यदि किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता या अनैतिक गतिविधियों के प्रमाण मिलते हैं तो संबंधित संचालकों एवं नेटवर्क के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल रहा, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया।



















