जयपुर। यातायात नियमों की लगातार अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ जयपुर यातायात पुलिस ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने एक ऐसी कार को जब्त किया है, जिसके चालक ने 41 बार यातायात नियमों का उल्लंघन किया था और एक भी ई-चालान का जुर्माना जमा नहीं कराया था। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देश पर मोटर वाहन अधिनियम 1988 (संशोधित 2019) के तहत आदतन नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष कार्रवाई की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (यातायात) योगेश दाधीच के नेतृत्व में यातायात पुलिस उपायुक्त योगेश गोयल ने बताया कि ई-चालान पोर्टल के जरिए प्रतिदिन ऐसे वाहन चालकों की सूची तैयार की जा रही है, जो बार-बार नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं।
विशेष निगरानी अभियान के दौरान 22 मई 2026 को कार नंबर RJ45CW7692 दोबारा यातायात नियम तोड़ते हुए पकड़ी गई। ड्यूटी पर तैनात सहायक उपनिरीक्षक रवीन्द्र कुमार ने वाहन को रुकवाकर ऑनलाइन रिकॉर्ड जांचा तो पता चला कि कार पर पहले से 41 ई-चालान लंबित हैं।
इसके बाद पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन को मौके पर ही जब्त कर लिया। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे समय पर अपने ई-चालानों का निस्तारण करवाएं। पुलिस के अनुसार जिन मामलों को वर्चुअल कोर्ट भेज दिया जाता है, उनका निपटारा फिर यातायात पुलिस कार्यालय स्तर पर संभव नहीं होता। वाहन स्वामी अपने लंबित चालानों की जानकारी और स्थिति वर्चुअल कोर्ट पोर्टल पर देख सकते हैं।
यातायात पुलिस का कहना है कि शहरभर में आदतन नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों की निगरानी जारी है और आने वाले दिनों में अभियान को और तेज किया जाएगा, ताकि सड़क हादसों पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।



















