जयपुर। जयपुर शहर में 25 मई को प्रस्तावित प्रतिरक्षित व्यक्तियों (वीवीआईपी) के आवागमन को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष यातायात प्रबंध लागू किए हैं। सुरक्षा कारणों से एयरपोर्ट से आमेर तक के प्रमुख मार्गों पर दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक यातायात प्रभावित रहेगा।
यातायात पुलिस उपायुक्त जयपुर शहर योगेश गोयल के अनुसार वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से ओटीएस, जेडीए चौराहा, रामनिवास बाग, न्यू गेट, चौड़ा रास्ता, त्रिपोलिया बाजार, हवामहल बाजार, सुभाष चौक होते हुए आमेर महल तक का मार्ग उपयोग में लिया जाएगा।
वहीं आवश्यकता पड़ने पर सामान्य यातायात को टोंक रोड, झालाना बाईपास, जवाहर नगर बाईपास, जनपथ, पृथ्वीराज रोड, तख्तेशाही रोड, एमआई रोड, गोविंद मार्ग, एमडी रोड, किशनपोल बाजार, रामगंज बाजार, घाट बाजार और दिल्ली रोड जैसे समानान्तर मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।
इस दौरान हल्के भारवाहक वाहन, बस, मिनी बस और धीमी गति से चलने वाले वाहनों का संचालन वीवीआईपी आवागमन वाले मार्गों पर प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात पुलिस ने बताया कि एयरपोर्ट से आमेर तक वीवीआईपी रूट पर सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग पूरी तरह निषिद्ध रहेगी। यातायात संबंधी जानकारी और सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1095, 2565630, 2561256 तथा व्हाट्सएप हेल्प डेस्क नंबर 8764866972 जारी किए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एम्बुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों का आवागमन निर्बाध रूप से जारी रहेगा।



















