जयपुर। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने गुरुवार को आयुक्तालय में दक्षिण जिले की समीक्षा बैठक ली। बैठक में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने, अपराध नियंत्रण, और आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास तथा अपराधियों में भय की भावना सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओम प्रकाश, पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि सहित दक्षिण जिले के सभी सहायक पुलिस उपायुक्त उपस्थित रहे। पुलिस कमिश्नर ने महिला अत्याचार, बाल अपराध और एससी-एसटी एक्ट से जुड़े मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील प्रकरणों में पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने संपत्ति संबंधी अपराधों जैसे चोरी और नकबजनी पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने तथा वांछित और हार्डकोर अपराधियों की धरपकड़ तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही नए आपराधिक कानूनों की प्रभावी पालना और थानों में नियमित प्रशिक्षण पर भी जोर दिया गया।
बैठक में लंबे समय से लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, अनुसंधान में तेजी लाने और विभागीय जांचों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस कमिश्नर ने थानों में दर्ज मामलों की नियमित मॉनिटरिंग राजकॉप ऐप और संबंधित पोर्टल के माध्यम से करने पर बल दिया।
साइबर क्राइम और ऑनलाइन फ्रॉड मामलों में त्वरित कार्रवाई तथा 1930 हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों के प्राथमिकता से निस्तारण के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही झूठे मुकदमे दर्ज कराने वालों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
उन्होंने थाना स्तर पर महिला बीट और युवा सीएलजी सदस्यों का गठन कर जनसहभागिता बढ़ाने तथा बीट पुलिस प्रणाली को और प्रभावी बनाकर आमजन से संवाद मजबूत करने पर भी जोर दिया।



















