एसएमएस अस्पताल में मरीजों को एक ही जगह मिलेगी दवा, जांच और ब्लड सैंपल की सुविधाएं

0
25
SMS Hospital becomes a new center for bone marrow transplants.
SMS Hospital becomes a new center for bone marrow transplants.

जयपुर। सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल में अब ओपीडी मरीजों को दवाइयां लेने,जांचों का बिल बनवाने और ब्लड सैंपल देने के लिए अलग-अलग जगह नहीं भटकना पड़ेगा। अस्पताल परिसर में इन सभी सुविधाओं के लिए एक समर्पित भवन बनाया जा रहा है। इसमें 13 विंडो और 30 बिल काउंटर होंगे। यह सुविधा मार्च 2027 से शुरू करने की तैयारी है।

नई बिल्डिंग धन्वंतरी ओपीडी ब्लॉक के पास बनाई जा रही है। इससे मरीज डॉक्टर को दिखाने के बाद सीधे इस भवन में पहुंच सकेंगे। यहां जांचों का बिल बनवाने, ब्लड सैंपल देने और दवाइयां लेने की सुविधा एक ही जगह मिलेगी। सभी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद मरीज आसानी से घर जा सकेंगे।

एसएमएस अस्पताल के अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी ने बताया कि वर्तमान में धन्वंतरी ओपीडी में डॉक्टर को दिखाने के बाद मरीजों को जांचों का बिल बनवाने और ब्लड सैंपल देने के लिए अलग-अलग जगह जाना पड़ता है। इससे उन्हें काफी समय लगता है और जानकारी के लिए इधर-उधर पूछताछ करनी पड़ती है। नई व्यवस्था शुरू होने से मरीजों को एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं मिलेंगी और अस्पताल के चक्कर भी कम लगाने पड़ेंगे।

जोशी ने बताया कि नई बिल्डिंग में दवाइयों के वितरण के लिए दो अलग-अलग फ्लोर पर बड़े डीडीसी सेंटर बनाए जाएंगे। प्रत्येक डीडीसी सेंटर पर 15 विंडो होंगी, जहां से मरीजों को विभिन्न प्रकार की दवाइयां उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

वर्तमान में न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी, जनरल मेडिसिन और ऑर्थोपेडिक्स सहित अलग-अलग विभागों की दवाइयों के लिए अलग-अलग डीडीसी सेंटर संचालित हैं। नई व्यवस्था से दवा वितरण सहित जांच और ब्लड सैंपल की प्रक्रिया को एक ही परिसर में व्यवस्थित किया जा सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here