जयपुर। विश्व सड़क दुर्घटना पीड़ित स्मरण दिवस के अवसर पर 15 नवंबर (रविवार) को जवाहर कला केंद्र में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुस्कान फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में 400 से अधिक बच्चे एक मंच पर जुटकर सड़क सुरक्षा का संदेश देंगे। इस दौरान सड़क हादसों में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों की पालना का संकल्प दिलाया जाएगा।
सड़क सुरक्षा और यातायात जागरूकता के क्षेत्र में पिछले 25 वर्षों से कार्यरत संस्था मुस्कान की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को सड़क दुर्घटनाओं के प्रति संवेदनशील बनाना और सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित करना है। संयुक्त राष्ट्र की घोषणा के अनुसार हर वर्ष नवंबर के तीसरे रविवार को विश्व सड़क दुर्घटना पीड़ित स्मरण दिवस मनाया जाता है।
कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी, कलाकार और शिक्षक भाग लेंगे। मुस्कान फाउंडेशन की ओर से गीत, रैप सॉन्ग, नाटक, संवाद और प्रश्नोत्तरी जैसी गतिविधियों के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश दिया जाएगा। आयोजकों ने शहरवासियों से कार्यक्रम में शामिल होकर सड़क सुरक्षा के इस अभियान का हिस्सा बनने की अपील की है।
इस कार्यक्रम के माध्यम से वाहन चालकों और आमजन को यह संदेश दिया जाएगा कि यातायात नियमों की पालना, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग तथा जिम्मेदारी से वाहन चलाना दुर्घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। थोड़ी सी सावधानी कई जिंदगियां बचा सकती है और परिवारों को उजड़ने से बचा सकती है।

















