त्रिवेणी धाम में 108 कुंडीय श्री सीताराम महायज्ञ में संत-महंतों का जुट रहा जमावड़ा

0
20

जयपुर। त्रिवेणी धाम में खोजीचार्य राम रिछपाल दास महाराज के सानिध्य में 108 कुंडीय श्री सीताराम महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। महायज्ञ में छोटी काशी के संत-महंत सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से संत-महात्मा और श्रद्धालु पहुंच कर आहुतियां दे रहे हैं। नौ दिवसीय महायज्ञ में एक करोड़ 25 लाख से अधिक आहुतियां देने का लक्ष्य रखा गया है।

यज्ञाचार्य अयोध्या के गणेश दास महाराज के निर्देशन में विश्व कल्याण की कामना के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालु विधि-विधान से हवन में आहुतियां अर्पित कर रहे हैं। प्रतिदिन छोटी काशी के संत-महंत त्रिवेणी धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना और दर्शन के साथ यज्ञ में आहुति प्रदान कर रहे हैं।

महायज्ञ का उद्देश्य धार्मिक चेतना का प्रसार, लोककल्याण, विश्व शांति और सनातन संस्कृति की परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाना है। देश के विभिन्न क्षेत्रों से संत-महात्माओं और भक्तों के आगमन से त्रिवेणी धाम धर्म और अध्यात्म के केंद्र के रूप में भक्तिमय हो उठा है।

इसी क्रम में श्री मंगल पीठाधीश्वर यज्ञ सम्राट माधवाचार्य मुंबई से संत मंडली के साथ त्रिवेणी धाम पहुंचे। आगामी दिनों में भी यज्ञ से जुड़े विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान 19 नवंबर तक वैदिक विधि-विधान से संपन्न होंगे। श्रीराम नाम और वैदिक मंत्रों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here