ढहर का बालाजी में जुटे संत-महंत

0
16

जयपुर। ढहर का बालाजी स्थित सियाराम बाबा की बगीची में शनिवार को श्री रामानंदी विरक्त वैष्णव मंडल के अध्यक्ष हरिशंकर दास वेदांती महाराज के पावन सानिध्य में एक विशेष संत सभा का आयोजन किया गया। धर्म, संस्कृति और ज्ञान को समर्पित इस सभा में देश के प्रमुख अखाड़ों के संत-महंतों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

संत सभा में अखिल भारतीय श्री पंचनिर्माणी अनी अखाड़ा के श्री महंत मुरली मनोहर दास महाराज, अखाड़ा परिषद के प्रवक्ता संजय दास जी, सचिव नंदराम दास जी महाराज, महामंत्री सत्यदेव दास जी, महंत माधव दास जी, संत राजेंद्र दास महाराज, महंत महेश दास महाराज, श्री बलराम दास महाराज और हेमंत दास सहित अनेक संत-महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के प्रारंभ में समाजसेवी चंद्र महेश झालानी, पूरनमल और रूपेश शर्मा सहित अन्य गणमान्य नागरिकों एवं भक्तों ने सभी संतों का माल्यार्पण व अभिनंदन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

सभा के दौरान संतों ने वर्तमान समय में युवा पीढ़ी की बदलती जीवनशैली, गिरते नैतिक मूल्यों और धार्मिक परंपराओं से बढ़ती दूरी पर गहरी चिंता व्यक्त की। संत-महंतों ने कहा कि आज के आधुनिक दौर में मोबाइल फोन एक आवश्यकता तो बन गया है, लेकिन इसका अत्यधिक और अनियंत्रित उपयोग युवाओं के लिए गंभीर संकट पैदा कर रहा है।

युवा अपना अधिकांश कीमती समय मोबाइल और सोशल मीडिया की आभासी दुनिया में व्यर्थ कर रहे हैं। इसके चलते उनकी पढ़ाई, शारीरिक खेलकूद, पारिवारिक संवाद और सामाजिक सरोकारों पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। लगातार स्क्रीन देखने से आंखों की रोशनी प्रभावित होने के साथ-साथ मानसिक तनाव, चिड़चिड़ापन और एकाग्रता में कमी जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। संतों ने सुझाव दिया कि मोबाइल का उपयोग केवल आवश्यकतानुसार और सीमित समय के लिए ही किया जाना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here