पूर्व न्यायाधीशों के स्नेह मिलन समारोह में सजी गीत-गजलों की महफिल

0
17

जयपुर। वेलफेयर सोसायटी ऑफ फॉर्मर जजेस, राजस्थान का स्नेह मिलन समारोह मानसरोवर स्थित होटल जयपुर लीगेसी में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। समारोह में उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीशों और जिला न्यायालयों के पूर्व न्यायिक अधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत सोसायटी की आमसभा की बैठक से हुई। इसके बाद स्नेह मिलन और सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया।

सोसायटी अध्यक्ष पदम कुमार जैन ने उपलब्धियों और भावी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि उच्चतम न्यायालय की एसएनजेपीसी रिपोर्ट के आधार पर न्यायाधीशों को स्वीकृत अतिरिक्त चिकित्सा सुविधाओं को चिकित्सा सुविधा नियम-2008 में शामिल करने के लिए संशोधन का प्रारूप तैयार कर उच्च न्यायालय को भेजा गया है।

उन्होंने बताया कि सोसायटी के प्रयासों से सेवाकाल में दिवंगत न्यायिक अधिकारियों के पारिवारिक पेंशनर्स को सात वर्ष के स्थान पर 10 वर्ष तक पूर्ण पेंशन की स्वीकृति दिलाई गई है। इसके अलावा पेंशन संबंधी विसंगतियों के निराकरण और पारिवारिक पेंशनर्स के लंबित एरियर प्रकरणों के निस्तारण में भी प्रयास किए गए हैं।

इस कार्यक्रम का संचालन भरोसी लाल गुप्ता ने किया। इस दौरान उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीशों ने न्यायिक सेवा से जुड़े रोचक संस्मरण साझा किए। सांस्कृतिक संध्या में के.पी. सक्सेना, विनय कुमार गोस्वामी, डी.पी. शर्मा, पी.डी. गुप्ता और मिथिलेश कुमार शर्मा ने गीतों और गजलों की प्रस्तुतियां देकर समां बांधा।

समारोह में एन.के. पुरोहित, बृजमोहन गुप्ता, महावीर प्रसाद शर्मा और रामबाबू चतुर्वेदी सहित सोसायटी के पदाधिकारी मौजूद रहे। अंत में महासचिव महावीर प्रसाद शर्मा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here