खोले के हनुमानजी मंदिर के संस्थापक राधेलाल चौबे की जयंती पर रक्तदान व चिकित्सा शिविर आयोजित

0
15

जयपुर। खोले के हनुमानजी मंदिर के संस्थापक ब्रह्मलीन पंडित राधेलाल चौबे की 98वीं जयंती शनिवार को श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर श्री नरवर आश्रम सेवा समिति की ओर से मंदिर परिसर में रक्तदान एवं निशुल्क चिकित्सा शिविर सहित विभिन्न सेवा कार्य आयोजित किए गए। कार्यक्रम में नेत्रदान संकल्प, पौधारोपण, गौ सेवा और जरूरतमंदों को प्रसादी वितरण जैसे सेवा कार्य भी हुए।

समिति के महामंत्री बृजमोहन शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत पंडित राधेलाल चौबे की प्रतिमा के गंगाजल और पंचामृत से अभिषेक के साथ हुई। इसके बाद सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक रक्तदान शिविर और निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया। इसमें बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान किया और चिकित्सा जांचों का लाभ लिया।

इस दौरान लोगों को नेत्रदान के प्रति जागरूक करते हुए नेत्रदान का संकल्प भी दिलाया गया। समिति अध्यक्ष गिरधारी लाल शर्मा ने बताया कि चौबे महाराज की स्मृति में मंदिर परिसर में पौधारोपण किया गया। साथ ही गौ सेवा और कुष्ठ आश्रम में जरूरतमंदों को प्रसादी वितरित की गई।

इस अवसर पर भजन संध्या और सामूहिक संगीतमय सुंदरकांड का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से भाग लिया। चौबे महाराज के समाधि स्थल को आकर्षक फूल बंगले से सजाया गया। श्रद्धालुओं ने श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके सेवा, समर्पण और धार्मिक कार्यों को याद किया। पूरा मंदिर परिसर भक्ति और सेवा के माहौल में सराबोर रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here