दिव्य तपस्वी आचार्य सुंदर सागर महाराज का स्वर्णिम अवतरण दिवस महोत्सव आज

0
17

जयपुर। दिव्य तपस्वी आचार्य सुंदर सागर महाराज के जीवन के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार, 15 नवंबर को निवाई के कृषि उपज मंडी प्रांगण में भव्य ‘स्वर्णिम अवतरण दिवस महोत्सव’ पूरी श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस ऐतिहासिक और भव्य महोत्सव में राज्यपाल और मुख्यमंत्री सहित देश-प्रदेश से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचेगे।

विनोद कोटखावदा ने बताया कि आचार्य सुंदर सागर महाराज बाल ब्रह्मचारी हैं, जिन्होंने मात्र 19 वर्ष की अल्पायु में ही मुनि दीक्षा ग्रहण कर ली थी। उन्होंने लगभग 30 वर्ष पूर्व 16 जुलाई 1996 को फिरोजाबाद में आचार्य सन्मति सागर महाराज से मुनि दीक्षा ली थी। इसके पश्चात औरंगाबाद में 25 जनवरी 2007 को उन्हें आचार्य पद से अलंकृत किया गया। आचार्य श्री ने अपनी 30 वर्षों की साधना यात्रा में करीब 20 हजार किलोमीटर की लंबी पदयात्रा की है और 1 हजार से अधिक गांवों व शहरों में जैनत्व का प्रचार-प्रसार किया है। उनके वर्तमान में निवाई में चल रहे चातुर्मास के दौरान इस स्वर्ण जयंती का आयोजन हो रहा है।

स्थानीय संयोजक सुनील जैन लालसोट ने बताया कि महोत्सव के तहत प्रातःकाल शांतिधारा अभिषेक के साथ 50 मंडलों से सुंदर सागर विधान पूजा का आयोजन किया गया। दोपहर 1:00 बजे से मुख्य जन्मोत्सव समारोह शुरू होगा, जिसमें चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन, मंगलाचरण, पाद प्रक्षालन, शास्त्र भेंट और आचार्यश्री के मंगल प्रवचन होंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सांगानेर से बसों की विशेष व्यवस्था भी की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here