जयपुर। चांदपोल स्थित श्री रामचंद्र जी मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा के दौरान गुरुवार को नंदोत्सव उत्साह, श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। कथा स्थल पर भगवान श्रीकृष्ण जन्म की खुशियां मनाते हुए श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए । व्यास पीठ पर आशीष व्यास महाराज ने जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण के जन्म एवं नंदोत्सव प्रसंग का वर्णन किया, पूरा पांडाल “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से गूंज उठा । इस अवसर पर ठाकुरजी का विशेष श्रृंगार किया गया तथा आकर्षक झांकियां सजाई गईं ।
महिलाओं ने मंगल गीत गाकर बधाइयां दीं, वहीं श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा कर भगवान का स्वागत किया । कथा स्थल पर माखन-मिश्री, पंचामृत एवं प्रसाद का वितरण भी किया गया।उत्सव में कपड़े, खिलौने, टॉफियां,फल मिठाइयों की जमकर उछाल बधाई गान का आयोजन हुआ । पूरे कथा स्थल आकर्षक गुब्बारों से सजाया गया। भजन मंडली द्वारा प्रस्तुत कृष्ण भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। कई भक्त बाल गोपाल स्वरूप में सजे बच्चों के साथ फोटो खिंचवाते नजर आए।
आयोजन समिति ने बताया कि नंदोत्सव का उद्देश्य भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की खुशियों को जन-जन तक पहुंचाना और सनातन संस्कृति के प्रति आस्था जागृत करना है । कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की । कथा प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात को 8 बजे तक के क्रम में हो रही है । कथा का विश्राम 31 मई को होगा ।



















