होटल माउंट व्यू फायरिंग का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

0
63

जयपुर। आमेर रोड स्थित होटल माउंट व्यू पर फायरिंग की सनसनीखेज वारदात के मास्टरमाइंड और 10 हजार रुपए के इनामी बदमाश पुष्पेन्द्र सिंह उर्फ जोनी को ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने होटल में पेमेंट विवाद के बाद रंजिश रखते हुए दो शूटरों को हथियार उपलब्ध कराकर होटल पर फायरिंग करवाई थी।

पुलिस इस मामले में फायरिंग करने वाले दोनों आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) करन शर्मा ने बताया कि 22 मई 2026 को होटल संचालक मनोज कुमार ने होटल पर फायरिंग किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में ब्रह्मपुरी थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच में सामने आया कि 20 मई को आरोपी जोनी के एक रिश्तेदार का होटल के बार में पेमेंट को लेकर स्टाफ से विवाद हो गया था। इसी बात से नाराज होकर जोनी ने अगले दिन 21 मई की रात करीब 10 बजे अपने साथियों गौतम सैन उर्फ गट्टू और रहीस को अवैध हथियार और कारतूस उपलब्ध कराए तथा मोटरसाइकिल से होटल भेजकर फायरिंग करवाई। पुलिस के अनुसार फायरिंग का उद्देश्य होटल संचालक को जान से मारना था।

इस वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गौतम सैन उर्फ गट्टू और रहीस को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध हथियार और मोटरसाइकिल बरामद कर ली थी। हालांकि मुख्य आरोपी जोनी फरार हो गया था, जिस पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नीरज पाठक और सहायक पुलिस आयुक्त (आमेर) सुरेन्द्र सिंह राणावत के निर्देशन में ब्रह्मपुरी थानाधिकारी हेमन्त जनागल के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी जोनी पहले से एक हत्या के मामले में जमानत पर चल रहा था। जमानत अवधि के दौरान ही उसने फायरिंग की साजिश रची। पुलिस अब जमानत की शर्तों के उल्लंघन को लेकर भी कानूनी कार्रवाई करेगी।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल देशी कट्टा और कारतूस उसने भरतपुर निवासी अनिल कुमार उर्फ डूंगर सिंह जाट से खरीदे थे। पुलिस ने बताया कि अनिल कुमार को पहले ही एक अन्य मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब उसे प्रोडक्शन वारंट पर लाकर हथियार तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जाएगी।

गिरफ्तार आरोपी पुष्पेन्द्र सिंह उर्फ जोनी (25) मूल रूप से अलवर जिले के गंज खेड़ली थाना क्षेत्र के कालवाड़ी सालवाड़ी गांव का निवासी है और वर्तमान में आमेर रोड स्थित कागदीवाड़ा में रह रहा था।

उसके खिलाफ वर्ष 2020 से 2024 के बीच मारपीट, आर्म्स एक्ट और हत्या सहित पांच गंभीर मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2024 में जमवारामगढ़ थाने में दर्ज हत्या और आर्म्स एक्ट का मामला भी शामिल है।

पुलिस अब आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। पूछताछ में शहर में अवैध हथियारों की सप्लाई और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here