भट्टी में झोंका 2 करोड़ से अधिक का नशा: 384 किलो गांजा और स्मैक नष्ट

0
65

जयपुर। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जयपुर पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2.01 करोड़ रुपए मूल्य के अवैध मादक पदार्थों को नष्ट कर दिया। जयपुर दक्षिण जिला पुलिस ने विभिन्न मामलों में जब्त किए गए 384 किलो से अधिक गांजा और स्मैक को एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत औषधि व्ययन समिति की निगरानी में भट्टी में जलवाकर नष्ट कराया।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि जिले के विभिन्न थानों में दर्ज एनडीपीएस मामलों में जब्त मादक पदार्थ लंबे समय से मालखानों में जमा थे। एनडीपीएस एक्ट की धारा 52ए के तहत गठित औषधि व्ययन समिति द्वारा मामलों का परीक्षण कर नष्ट योग्य मादक पदार्थों का चयन किया गया। इसके बाद विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए विशेष अभियान चलाकर उन्हें नष्ट किया गया।

इस कार्रवाई में महेश नगर, श्याम नगर, सोडाला, मानसरोवर, शिप्रापथ, मुहाना, चाकसू, सांगानेर और सांगानेर सदर थानों में जब्त मादक पदार्थ शामिल थे। पुलिस के अनुसार कुल 384 किलो 894 ग्राम गांजा और 45 ग्राम स्मैक नष्ट की गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 2 करोड़ 1 लाख 44 हजार 700 रुपए आंकी गई है।


मादक पदार्थों के नष्टीकरण की प्रक्रिया निर्धारित इंसिनरेटर प्लांट में प्रदूषण नियंत्रण एवं पर्यावरणीय मानकों की पालना करते हुए पूरी की गई। कार्रवाई के दौरान औषधि व्ययन समिति के सदस्य, पुलिस अधिकारी तथा संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशीले पदार्थों के नष्टीकरण से न केवल मालखानों में लंबित सामग्री का सुरक्षित निपटान हुआ है, बल्कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त संदेश भी गया है। जयपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here