चलती स्कूटी पर झपट्टा मारकर पर्स लूटा

0
47

जयपुर। शिप्रापथ थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े दो सहेलियों से लूट की वारदात सामने आई है। बाइक सवार बदमाशों ने चलती स्कूटी का पीछा कर पीछे बैठी युवती का पर्स झपट लिया। छीना-झपटी के दौरान स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे दोनों युवतियां सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। घायल युवतियों ने उपचार के बाद शिप्रापथ थाने में मामला दर्ज कराया है।

हेड कांस्टेबल राजेश ने बताया कि मानसरोवर निवासी प्राची शर्मा (27) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह अपनी सहेली मनप्रीत के साथ स्कूटी से सांगानेर जा रही थी। दोनों श्रेयांश पैराडाइज के पास से गुजर रही थीं, तभी पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उनकी स्कूटी का पीछा किया और अचानक झपट्टा मारकर पीछे बैठी प्राची का पर्स छीन लिया।

पर्स छीनने के दौरान स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सहेलियां सड़क पर गिर पड़ीं। हादसे में दोनों को चोटें आईं और वे कुछ समय के लिए बेसुध हो गईं। बाद में उन्होंने स्वयं को संभाला और एक निजी अस्पताल में उपचार कराया।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि लूटे गए पर्स में करीब 10 हजार रुपए नकद, पहचान पत्र सहित अन्य जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।

हेड कांस्टेबल राजेश ने बताया कि पीड़िता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा बाइक सवार बदमाशों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here