जयपुर। प्रताप नगर थाना इलाके के द्वारकापुरी अपार्टमेंट में रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक पति ने कथित तौर पर मामूली विवाद के बाद पत्नी के सिर पर लोहे की रॉड से वार कर उसकी हत्या कर दी। हैरानी की बात यह है कि हत्या के बाद आरोपी करीब दो दिन तक तीन छोटे बच्चों के साथ कमरे में पत्नी के शव के पास बैठा रहा। शुक्रवार सुबह उसने खुद पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर पत्नी की हत्या की सूचना दी और बच्चों को कमरे में छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर तलाश कर उसे अपार्टमेंट के पास एक गली से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
कमरे में शव के पास बैठे थे तीन मासूम
थानाधिकारी विक्रांत शर्मा ने बताया कि द्वारकापुरी अपार्टमेंट की छठी मंजिल पर बने किराए के कमरे में लक्ष्मी रेगर (38) का शव मिला। पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देने वाले उसके पति प्रदीप (42) ने बताया था कि पत्नी से झगड़ा हुआ था और उसकी मौत हो गई है। पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला। अंदर लक्ष्मी का शव पड़ा था और पास ही उसके तीन छोटे बच्चे बैठे थे। इनमें तीन साल की बेटी, डेढ़ साल का बेटा और ढाई महीने का मासूम शामिल है।
प्रारंभिक जांच में महिला की मौत करीब दो दिन पहले होने की बात सामने आई है। पुलिस ने मौके पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
झगड़े के दौरान रॉड से सिर पर किया वार
सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) सांगानेर दीपक कुमार खंडेलवाल ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि बुधवार को किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान प्रदीप ने लोहे की रॉड से लक्ष्मी के सिर पर वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी करीब दो दिन तक कमरे में ही रहा और बच्चों के साथ शव के पास बैठा रहा। शुक्रवार सुबह पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना देने के बाद वह वहां से निकल गया। पुलिस ने उसके मोबाइल नंबर की लोकेशन के आधार पर तलाश की और अपार्टमेंट के पास एक गली में छिपे होने पर उसे पकड़ लिया।
बूंदी की लक्ष्मी, अजमेर का रहने वाला है आरोपी
पुलिस के अनुसार लक्ष्मी मूल रूप से बूंदी की रहने वाली थी। उसकी पहली शादी टोंक में हुई थी। बाद में वह पहले पति को छोड़कर प्रदीप के साथ रहने लगी थी। प्रदीप मूल रूप से अजमेर का निवासी है और जयपुर में रहकर रंगाई-पुताई का काम करता था। लक्ष्मी भी उसके साथ मजदूरी करती थी। दोनों अपने तीन बच्चों के साथ द्वारकापुरी अपार्टमेंट की छठी मंजिल पर किराए के कमरे में रह रहे थे। पुलिस ने दोनों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।
दो दिन से दुकान पर सामान लेने नहीं आया था प्रदीप
अपार्टमेंट में दुकान चलाने वाले रमेश ने बताया कि प्रदीप अक्सर उसकी दुकान पर सामान लेने आता था। वह रोजाना दूध और टोस्ट-बिस्किट लेकर जाता था, लेकिन पिछले दो दिन से दुकान पर नहीं आया था। अपार्टमेंट के लोगों के मुताबिक छठी मंजिल पर दंपती के कमरे के अलावा अन्य कमरों पर ताले लगे हुए हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि बुधवार को लक्ष्मी ने करवा चौथ के व्रत और पूजा से जुड़ा सामान भी खरीदा था। इसी दिन पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ और वारदात हो गई।

















