तंबाकू के खिलाफ जयपुर में साठ दिन चलेगा विशेष अभियान

0
46

जयपुर। युवाओं और आमजन को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों से जागरूक करने तथा तंबाकू मुक्त वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जयपुर प्रथम जिले में टोबैको फ्री यूथ कैम्पेन-4.0 के तहत 60 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान, तंबाकू मुक्त ग्राम और तंबाकू नियंत्रण कानूनों की प्रभावी पालना पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जिला, ब्लॉक और ग्राम स्तर पर जागरूकता के साथ प्रवर्तन संबंधी गतिविधियां भी आयोजित होंगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि अभियान का उद्देश्य युवाओं को तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों के सेवन से दूर रखना, शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाना और तंबाकू से होने वाली गंभीर बीमारियों के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाना है। इसके लिए संबंधित चिकित्सा संस्थानों और ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।

डॉ. शेखावत ने बताया कि अभियान के तहत छह प्रमुख रणनीतियों पर काम किया जाएगा। इनमें तंबाकू उत्पादों के दुष्प्रभावों के प्रति जन-जागरूकता, तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान संबंधी दिशा-निर्देशों की पालना, तंबाकू मुक्त ग्राम की अवधारणा को बढ़ावा देना, सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा)-2003 तथा इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट प्रतिबंध अधिनियम-2019 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई, सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूकता और कॉलेज एवं विश्वविद्यालयों की सक्रिय भागीदारी शामिल है।

इस अभियान के दौरान स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों की जानकारी दी जाएगी। युवाओं को तंबाकू से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही उन्हें अपने परिवार और समाज को भी तंबाकू मुक्त बनाने में भागीदारी निभाने के लिए जागरूक किया जाएगा। सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू नियंत्रण संबंधी कानूनी प्रावधानों की पालना के लिए संबंधित विभागों के समन्वय से गतिविधियां होंगी।

डॉ. शेखावत ने बताया कि अभियान के तहत आयोजित गतिविधियों की प्रतिदिन रिपोर्टिंग भारत सरकार के राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (एनटीसीपी) के पोर्टल पर की जाएगी। जिला और ब्लॉक स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग कर निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here