स्पा सेंटर्स पर पुलिस ने मारा छापा: चार संचालकों को किया गिरफ्तार

0
31
Main Accused Who Swindled ₹11.54 Lakh Using Fake Land Leases Arrested
Main Accused Who Swindled ₹11.54 Lakh Using Fake Land Leases Arrested

जयपुर। चित्रकूट थाना क्षेत्र में स्पा और मसाज सेंटर्स की आड़ में संचालित अवैध एवं अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार स्पा संचालकों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में संचालित अन्य संदिग्ध स्पा सेंटर्स में हड़कंप मच गया।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि स्पा और मसाज सेंटर्स की आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित होने तथा सरकारी गाइडलाइन और सुरक्षा मानकों की अनदेखी किए जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इस पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश गुप्ता के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त (वैशाली नगर) अनिल शर्मा के सुपरविजन में चित्रकूट थानाधिकारी प्रभू सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई।

पुलिस टीम ने चित्रकूट क्षेत्र में संचालित संदिग्ध स्पा सेंटर्स पर दबिश देकर चार संचालकों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में गोविंद नगर मोड़ स्थित लक्की स्टार स्पा सेंटर का संचालक भीमराज उर्फ राज मीणा (35) निवासी जलोई, कालवाड़, विक्रम मान (47) निवासी श्रीराम नगर झोटवाड़ा, दा लीफ स्पा सेंटर का संचालक चेतन शर्मा (26) निवासी गणेश नगर विस्तार निवारू रोड तथा रिलैक्स इन स्पा सेंटर का संचालक प्रकाश जांगिड़ (41) निवासी खुड़ी, लक्ष्मणगढ़ (सीकर) शामिल हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि स्पा सेंटर्स में आने वाले ग्राहकों और कर्मचारियों का कोई वैध रिकॉर्ड नहीं रखा जा रहा था। सीसीटीवी कैमरे, पुलिस सत्यापन और अन्य अनिवार्य सुरक्षा मानकों की भी पालना नहीं की जा रही थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह भी जांच की जा रही है कि इन स्पा सेंटर्स के जरिए किसी बड़े नेटवर्क का संचालन तो नहीं किया जा रहा था। साथ ही शहर में संचालित अन्य स्पा सेंटर्स की भी जांच की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here