राजस्व रिकॉर्ड दुरुस्त करने की एवज में रिश्वत लेती महिला पटवारी गिरफ्तार

0
52

जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की अलवर प्रथम टीम ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए खैरथल-तिजारा जिले की सांथलका तहसील टपूकड़ा की एक महिला पटवारी को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपित महिला परिवादी के पिता के निधन के बाद इंतकाल खोलने और राजस्व रिकॉर्ड में नाम दुरुस्त करने की एवज में रिश्वत मांग रही थी।

एसीबी डीजी गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसके पिता के निधन के बाद स्वयं एवं अन्य परिजनों के नाम इंतकाल दर्ज कराने तथा राजस्व रिकॉर्ड में पिता का नाम सही करवाने के लिए महिला पटवारी आशा देवी तीस हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रही हैं। शिकायत के सत्यापन के दौरान 25 मई 2026 को एसीबी ने पाया कि आरोपित महिला पटवारी रिश्वत की मांग कर चुकी थी तथा परिवादी से पहले ही 10 हजार रुपये ले चुकी थी। इसके अलावा वह 5 हजार रुपये और देने का दबाव बना रही थी।

इसके बाद एसीबी चौकी अलवर प्रथम के प्रभारी शब्बीर खान (उप अधीक्षक पुलिस) के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपित महिला पटवारी आशा देवी को परिवादी से 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। रिश्वत की राशि आरोपित महिला के बैग से बरामद की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here