आरबीआई अफसर बनकर नए नोटों का झांसा देकर दुकानदारों से उड़ाए हजारों रुपए

0
61

जयपुर। राजधानी में खुद को भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) का अधिकारी बताकर दुकानदारों से ठगी करने वाले एक शातिर जालसाज का मामला सामने आया है। आरोपी नए नोटों की गड्डी उपलब्ध कराने का झांसा देकर दुकानदारों को आरबीआई कार्यालय के बाहर बुलाता था और रुपए लेकर बैंक से नोट लाने का बहाना बनाकर फरार हो जाता था। इस तरह की शिकायतें माणक चौक, गांधी नगर और कोतवाली थाना क्षेत्रों में दर्ज कराई गई हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार माणक चौक थाना क्षेत्र के त्रिपोलिया बाजार स्थित एक दुकान संचालक सावन गुप्ता ने शिकायत दी है कि कुछ दिन पहले एक व्यक्ति उनकी दुकान पर डिस्पोजल गिलास खरीदने आया। उसने अपना नाम विवेक गुप्ता बताते हुए खुद को आरबीआई का अधिकारी बताया। आरोपी ने गर्मी के मौसम में छाछ-राबड़ी वितरण के लिए चार हजार डिस्पोजल गिलास की मांग की और बैंक से ऑनलाइन भुगतान कराने का भरोसा दिलाया।

इसके बाद आरोपी ने फोन कर नए नोटों की गड्डियां उपलब्ध कराने की बात कही। घर में शादी कार्यक्रम होने के कारण सावन गुप्ता ने नए नोटों की आवश्यकता बताई तो आरोपी ने उन्हें आरबीआई कार्यालय के बाहर रुपए भेजने को कहा। दुकानदार ने अपने कर्मचारी गोविंद को 40 हजार रुपए देकर भेजा। आरोपी ने पेट्रोल पंप के पास मिलकर रुपए ले लिए और बैंक के अंदर से नए नोट लाने का कहकर चला गया, लेकिन वापस नहीं लौटा। बाद में उसका मोबाइल भी बंद मिला। आरबीआई अधिकारियों से जानकारी लेने पर पता चला कि आरोपी का बैंक से कोई संबंध नहीं है।

इसी प्रकार गांधी नगर थाना क्षेत्र के दुकानदार आकाश पाराशर ने भी 50 हजार रुपए की ठगी की शिकायत दर्ज कराई है। आकाश ने बताया कि आरोपी उनकी दुकान पर खरीदारी के बहाने आया और खुद को आरबीआई अधिकारी बताते हुए 10, 20 और 50 रुपए के नए नोटों की गड्डियां दिलाने का भरोसा दिया। शादी समारोह में नए नोटों की जरूरत होने पर वह 18 मई को आरबीआई कार्यालय पहुंचा। वहां आरोपी ने उसे पेट्रोल पंप के पास बुलाकर 50 हजार रुपए ले लिए और नए नोट लेकर आने की बात कहकर बैंक की ओर चला गया। काफी इंतजार के बाद भी वह वापस नहीं आया और उसका मोबाइल फोन बंद हो गया।

पुलिस का कहना है कि तीनों मामलों में एक ही व्यक्ति के शामिल होने की आशंका है। पीड़ितों द्वारा उपलब्ध कराए गए सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नए नोटों या किसी अन्य सुविधा के नाम पर अज्ञात व्यक्तियों के झांसे में न आएं और किसी भी प्रकार का लेन-देन करने से पहले संबंधित व्यक्ति की पहचान की पुष्टि अवश्य करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here