जयपुर। झोटवाड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक वर्षीय मासूम की मौत हो गई। जहां घर के बाहर खेल रहे बच्चे को पड़ोसी की स्कॉर्पियो ने कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
हेड कांस्टेबल सज्जन सिंह ने बताया कि हादसे में जालूपुरा निवासी मोहम्मद रिजवान के एक वर्षीय पुत्र मोहम्मद इब्राहिम की मौत हुई है। रिजवान मजदूरी करता है। उसकी पत्नी करीब सात दिन पहले अपने बेटे और बेटी को लेकर झोटवाड़ा के जगन्नाथ पुरी स्थित पीहर आई हुई थी।
पुलिस के अनुसार गुरुवार देर शाम को इब्राहिम घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला युवक काम से लौटकर अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी लेकर घर पहुंचा। बताया जा रहा है कि मासूम अचानक दौड़ते हुए सड़क पर आ गया और वाहन की चपेट में आ गया।
चालक को बच्चा दिखाई नहीं देने के कारण स्कॉर्पियो उसके ऊपर से गुजर गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने खून से लथपथ हालत में बच्चे को तत्काल कांवटिया अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।


















