जयपुर। आमेर थाना क्षेत्र में ऑनलाइन फ्रॉड और लूटपाट का एक नया मामला सामने आया है। बदमाशों ने बिजनेस मीटिंग के बहाने एक युवक को आमेर बुलाकर उसका अपहरण कर लिया। इसके बाद उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर बंधक बनाया, मारपीट की और धमकाकर उसके मोबाइल से 41 हजार 500 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए।
एएसआई जगराम ने बताया कि गंगापोल निवासी जितेंद्र ने इस संबंध में मामला दर्ज कराया है। रिपोर्ट के अनुसार 24 मई को एक चैटिंग ऐप के माध्यम से उसकी अज्ञात व्यक्तियों से बातचीत शुरू हुई थी। इसके बाद ऐप और मोबाइल कॉल के जरिए कथित बिजनेस डील को लेकर लगातार संपर्क बना रहा।
आरोपियों ने बिजनेस मीटिंग का झांसा देकर जितेंद्र को आमेर में एक निर्धारित लोकेशन पर बुलाया। वह अपनी बाइक से वहां पहुंचा, जहां पहले से मौजूद चार युवकों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि बदमाश उसे जबरन एक सुनसान जगह पर ले गए और वहां उसके साथ मारपीट की।
पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर उसके मोबाइल से 41 हजार 500 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। वारदात के बाद बदमाशों ने पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।
बदमाशों के चंगुल से छूटने के बाद पीड़ित ने आमेर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल नंबर, चैटिंग ऐप पर हुई बातचीत और बैंक ट्रांजैक्शन की जानकारी के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।



















