एएनटीएफ ने एमडी ड्रग्स और डोडा-चूरा की खेप पकड़ी

0
41
ANTF seized a consignment of MD drugs and poppy straw.
ANTF seized a consignment of MD drugs and poppy straw.

जयपुर। राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पाली और बीकानेर जिलों में दो बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ बरामद किए हैं। दोनों मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मादक पदार्थों की सप्लाई चेन और तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है।

महानिरीक्षक पुलिस एएनटीएफ विकास कुमार ने बताया कि पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एएनटीएफ टीमों ने दोनों जिलों में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की।

एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि पाली जिले के माण्डीगढ़ गांव में नरेश और सुभाष प्रजापत अपने घर से अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई कर रहे हैं। सूचना के आधार पर एएनटीएफ ने सादड़ी थाना पुलिस के सहयोग से नरेश प्रजापत के मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान एक बंद कमरे से छह प्लास्टिक थैलियों में छिपाकर रखी गई 100.86 ग्राम एमडी ड्रग्स तथा 09.11 ग्राम मिलावटी पाउडर बरामद किया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर नरेश प्रजापत (32)को गिरफ्तार कर लिया।

वहीं दूसरी कार्रवाई बीकानेर के जयपुर-जोधपुर बाईपास टोल प्लाजा के पास स्थित जगदम्बा होटल पर की गई। होटल संचालक परमाराम जाट (45) निवासी सुरनाणा, थाना लूणकरणसर के अवैध गतिविधियों में शामिल होने की सूचना पर एएनटीएफ ने जेएनवीसी थाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की।

छापेमारी के दौरान होटल के बाहर बने छपरे में बैठा परमाराम पुलिस को देखकर प्लास्टिक का कट्टा लेकर भागने लगा, लेकिन प्रशिक्षित खोजी डॉग की मदद से उसे पकड़ लिया गया। जांच में कट्टे से 1.750 किलोग्राम अवैध डोडा-चूरा तथा मादक पदार्थों की बिक्री से अर्जित 11 हजार रुपए नकद बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

एएनटीएफ के अनुसार दोनों मामलों में बरामद मादक पदार्थों के स्रोत, सप्लाई चेन और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए गहन अनुसंधान किया जा रहा है। महानिरीक्षक विकास कुमार ने कार्रवाई में शामिल एएनटीएफ, सादड़ी थाना और जेएनवीसी थाना पुलिस की टीमों की सराहना करते हुए बताया कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here