जयपुर। महेश नगर थाना पुलिस ने वर्ष 2025 से फरार चल रहे 5-5 हजार रुपए के दो इनामी पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक ही प्लॉट का दो अलग-अलग व्यक्तियों से इकरारनामा कर करीब 60 लाख रुपए की धोखाधड़ी की थी। वारदात के बाद दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में पहचान छिपाकर रह रहे थे।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महावीर स्वामी कॉलोनी, करतारपुरा निवासी महेश सिंह और उसकी पत्नी रेखा के रूप में हुई है। आरोपियों ने परिवादी घनश्याम सिंह जांगिड़ से अपने प्लॉट का सौदा कर 20 लाख रुपए प्राप्त किए। इसके बाद उसी प्लॉट का दूसरा इकरारनामा परिवादी राजू वर्मा के साथ कर उससे 39.51 लाख रुपए ले लिए। इस तरह दोनों ने करीब 60 लाख रुपए की ठगी कर मोबाइल बंद कर लिए और फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार महेश नगर थाने में दर्ज प्रकरण में दोनों आरोपी वांछित चल रहे थे। उनकी गिरफ्तारी पर 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित था। ठगी के बाद दोनों उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में किराए का मकान लेकर रह रहे थे। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से उनकी लोकेशन का पता लगाया और फिरोजाबाद से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस आरोपियों से अन्य संभावित धोखाधड़ी के मामलों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
यह कार्रवाई जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से 1 जून से 30 जून 2026 तक चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित कुमार शर्मा तथा एसीपी सोडाला सुनील प्रसाद शर्मा के निर्देशन में महेश नगर थानाधिकारी सुरेश यादव के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में एएसआई धर्मपाल सिंह, हेड कांस्टेबल भीम सिंह, साइबर सेल के हेड कांस्टेबल लोकेश कुमार, कांस्टेबल अंकित कुमार, महिला कांस्टेबल सुनीता तथा कांस्टेबल जितेंद्र शामिल रहे।



















