28 साल बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा इनामी डकैत

0
36
Wanted dacoit with a reward on his head nabbed by police after 28 years.
Wanted dacoit with a reward on his head nabbed by police after 28 years.

जयपुर। राजस्थान पुलिस ने 28 वर्ष पुराने डकैती के मामले में फरार चल रहे एक इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। बगरू थाना पुलिस ने राज्यव्यापी विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से शातिर आरोपी भीष्म उर्फ भीम उर्फ भूपेंद्र (49) को गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्ष 1998 से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए अपनी पहचान बदलकर रह रहा था।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि आरोपी मूल रूप से गाजियाबाद के मोदीनगर क्षेत्र का निवासी है। उसने वर्ष 1998 में अपने साथियों के साथ मिलकर बगरू स्थित एक चाय एवं सिगरेट गोदाम में हथियारबंद डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद से वह लगातार फरार था। उसकी गिरफ्तारी नहीं होने पर तत्कालीन जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने वर्ष 2003 में उस पर एक हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए अपना नाम बदलकर भूपेंद्र कर लिया था। इतना ही नहीं, उसने आधार कार्ड में पिता का नाम भी दर्ज नहीं कराया, ताकि उसकी पहचान उजागर न हो सके। वह पिछले 28 वर्षों से उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में छिपकर रह रहा था।

बगरू थानाधिकारी राजेंद्र कुमार गोदारा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने पुराने मामलों का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच के दौरान पता चला कि वर्ष 2015 में आरोपी को उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के सदर बाजार थाना पुलिस ने एक अन्य मामले में गिरफ्तार किया था। इसी सुराग के आधार पर पुलिस टीम गाजियाबाद पहुंची और स्थानीय स्तर पर जांच-पड़ताल कर आरोपी तक पहुंच गई।

तकनीकी रिकॉर्ड और फिंगरप्रिंट मिलान के बाद उसकी वास्तविक पहचान की पुष्टि हुई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आरोपी से फरारी के दौरान की गतिविधियों और अन्य संभावित आपराधिक मामलों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई में बगरू थानाधिकारी राजेंद्र कुमार गोदारा, हेड कांस्टेबल रोहिताश सहित विशेष टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here