जयपुर। पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने दावा किया कि पंचायत राज चुनाव में जनता का आशीर्वाद भाजपा को मिल रहा है। चुनाव परिणाम आने पर प्रदेशभर में भाजपा के प्रधान और जिला प्रमुख बनेंगे।
कुमावत ने कहा कि पंचायत राज चुनाव के दो चरण पूरे हो चुके हैं, तीसरा चरण जारी है और इसके बाद चौथा चरण भी होगा। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान मिल रहे जनसमर्थन से स्पष्ट है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी भाजपा को मजबूती मिल रही है। हाल ही में हुए नगर निकाय चुनावों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 204 नगर निकायों में भाजपा को जीत मिली और वहां भाजपा के बोर्ड बने।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में पिछले ढाई साल में प्रदेश के विकास के लिए कई काम किए गए हैं। किसान, मजदूर, महिलाओं और गरीबों के कल्याण के लिए योजनाएं लागू कर समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को आर्थिक संबल देने का प्रयास किया गया है। पानी और बिजली के क्षेत्र में भी सरकार ने काम किया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा की जीत से सरकार को और मजबूती मिलेगी।

















