जयपुर। दिवाली पर शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए यातायात पुलिस ने रोडवेज बसों के संचालन में बदलाव किया है। इसके तहत 3 से 9 नवंबर तक सिंधी कैंप बस स्टैंड पर रोडवेज बसों की आवाजाही बंद रहेगी। अलग-अलग मार्गों की बसों के लिए वैकल्पिक बस स्टैंड निर्धारित किए गए हैं। डीसीपी ट्रैफिक प्रवीण नायक नूनावत ने इस संबंध में रोडवेज प्रशासन को निर्देश जारी किए हैं।
नई व्यवस्था के तहत दिल्ली और आगरा मार्ग की बसें ट्रांसपोर्ट नगर स्थित रोटरी सर्किल बस स्टैंड से संचालित होंगी। अजमेर मार्ग की बसें हीरापुरा बस स्टैंड से मिलेंगी। टोंक रोड की बसों का संचालन पुराने बाईपास पर क्लोवरलीफ के नीचे से होगा, जबकि सीकर रोड की बसें विद्याधर नगर स्टेडियम से रवाना होंगी। यात्रियों को अपने गंतव्य के अनुसार निर्धारित वैकल्पिक स्टैंड से बस पकड़नी होगी।
दिवाली के दौरान परकोटे और आसपास के प्रमुख बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। इससे सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है और कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनती है। सिंधी कैंप बस स्टैंड पर निजी और रोडवेज बसों की लगातार आवाजाही से आसपास के मार्गों पर भी यातायात प्रभावित होता है।
इसी को देखते हुए पहले निजी बसों के सिंधी कैंप में प्रवेश पर रोक लगाई गई थी। अब रोडवेज बसों के संचालन में भी बदलाव किया गया है। यह व्यवस्था 3 से 9 नवंबर तक लागू रहेगी।

















