जयपुर। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस के आरोपों के जवाब में भाजपा 5 नवंबर को जयपुर में पदयात्रा निकालेगी। केंद्रीय रेल एवं सूचना-प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव पहली बार गुलाबीनगर में पैदल मार्च करेंगे। जयपुर सांसद एवं कार्यक्रम संयोजक मंजू शर्मा भी उनके साथ रहेंगी। ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत होने वाले इस आयोजन में भाजपा ने 10 हजार से अधिक लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा है।
पदयात्रा से पहले रामलीला मैदान में जनसभा होगी, जिसे केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे। इसके बाद रामलीला मैदान से चौड़ा रास्ता होते हुए त्रिपोलिया गेट तक करीब सवा किलोमीटर की सांकेतिक पदयात्रा निकाली जाएगी। सांसद मंजू शर्मा के अनुसार, इसका उद्देश्य एसआईआर को लेकर कांग्रेस के आरोपों का जवाब देना और जनता के बीच भाजपा का पक्ष रखना है।
कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप
मंजू शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस एसआईआर को लेकर भ्रामक दावों के जरिए जनता में भ्रम फैला रही है और चुनावी प्रक्रिया पर अविश्वास पैदा कर रही है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण पात्र मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और मतदाता सूची को अधिक विश्वसनीय बनाने की प्रक्रिया है। इसी मुद्दे पर भाजपा देशभर में अभियान चला रही है।
बाजारों की सुविधा के लिए छोटा रखा मार्ग
दीपावली के खरीदारी सीजन को देखते हुए भाजपा ने पदयात्रा का मार्ग सीमित रखा है। परकोटे के बाजारों में त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में खरीदारों की आवाजाही रहती है। ऐसे में लंबे मार्ग पर मार्च से यातायात और व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित होने की आशंका थी। इसी को ध्यान में रखते हुए रामलीला मैदान से त्रिपोलिया गेट तक करीब सवा किलोमीटर का मार्ग तय किया गया है।
मंडल और वार्ड स्तर पर सौंपी जिम्मेदारी
तैयारियों को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय में हुई बैठक में सांसद मंजू शर्मा, प्रदेश महामंत्री एवं जयपुर संभाग प्रभारी श्रवण सिंह बगड़ी, विधायक कालीचरण सराफ, हवामहल विधायक बालमुकुंदाचार्य, अभियान के प्रदेश संयोजक रामलाल शर्मा और जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल सहित पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में विधानसभा क्षेत्र, मंडल और वार्ड स्तर पर भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदारियां तय की गईं। मंडल अध्यक्षों, पार्षदों, पार्षद प्रत्याशियों और वार्ड प्रभारियों को कार्यकर्ताओं को जुटाने के निर्देश दिए गए हैं। मंजू शर्मा लगातार बैठकों के जरिए तैयारियों की समीक्षा कर रही हैं।

















