दीया कुमारी ने किया पिंक सिटी हाफ मैराथन का पोस्टर विमोचन

0
51

जयपुर। वेदांता पिंक सिटी हाफ मैराथन के 11वें संस्करण का पोस्टर लंदन में वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल और राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने विमोचित किया। यह मैराथन 29 नवंबर को जयपुर में आयोजित होगी। इसमें देश-विदेश के पेशेवर धावकों के साथ बड़ी संख्या में रनिंग और फिटनेस के शौकीन हिस्सा लेंगे।

लंदन में पोस्टर विमोचन को मैराथन को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने और जयपुर को वैश्विक खेल आयोजनों के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। आयोजन का प्रमुख आकर्षण वेदांता की ‘रन फॉर जीरो हंगर’ पहल है। इसके तहत दौड़े गए प्रत्येक किलोमीटर के बदले वेदांता एक जरूरतमंद को भोजन उपलब्ध कराने का संकल्प निभाएगा। यह पहल अनिल अग्रवाल फाउंडेशन के सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों और पशुओं की सहायता से जुड़ी है।

अभियान को नंद घर पहल से भी सहयोग मिलता है। इसके तहत देश के 18 राज्यों में 16 हजार से अधिक आधुनिक आंगनवाड़ियों का नेटवर्क विकसित किया गया है। यहां बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य सेवाएं और प्रारंभिक शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ महिलाओं को कौशल विकास और स्वरोजगार के अवसर दिए जाते हैं। वहीं, पशु कल्याण के लिए वेदांता की ‘द एनिमल केयर ऑर्गनाइजेशन’ (टाको) पहल को भी इससे जोड़ा गया है।

मैराथन के 11वें संस्करण में 21.1 किलोमीटर की हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर की कूल रन और 5 किलोमीटर की ड्रीम रन श्रेणियां होंगी। ‘रनिंग सबके लिए है’ के संदेश के साथ हर आयु और फिटनेस स्तर के लोगों को भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। आयोजन का संचालन एनीबडी कैन रन (एबीसीआर) की ओर से किया जा रहा है, जबकि फिनोवा कैपिटल इसका प्रमुख सहयोगी है।

जयपुर को अंतरराष्ट्रीय दूरी की दौड़ के मानचित्र पर स्थापित करने के प्रयासों के तहत एसोसिएशन ऑफ इंटरनेशनल मैराथन एंड डिस्टेंस रेस (एआईएमएस) वर्ल्ड कांग्रेस 2028 की मेजबानी भी जयपुर में कराने की पहल की जा रही है। इसका उद्देश्य राजस्थान को खेल पर्यटन के प्रमुख गंतव्य के रूप में विकसित करना है।

वेदांता अनिल अग्रवाल फाउंडेशन के माध्यम से जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खेलों में जनभागीदारी बढ़ाने के लिए भी काम कर रहा है। इसके तहत राजस्थान और गोवा में आवासीय फुटबॉल अकादमियां, झारखंड और ओडिशा में तीरंदाजी कार्यक्रम, कलिंगा लांसर्स के जरिए हॉकी तथा पैडल जैसे उभरते खेलों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

इसके अलावा वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन, जयपुर की पिंक सिटी हाफ मैराथन, उदयपुर की जिंक सिटी हाफ मैराथन और बेंगलुरु व मुंबई की मैराथन को भी सहयोग दिया जा रहा है। इन आयोजनों के माध्यम से फिटनेस को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here