जयपुर। शहर में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जयपुर पुलिस की कमिश्नरेट स्पेशल टीम (सीएसटी) ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए महेश नगर थाना क्षेत्र में शराब ठेके पर तोड़फोड़, वाहनों में आगजनी और उपद्रव की वारदात में वांछित पांच हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेंद्र कुमार वैष्णव के रूप में हुई है, जो लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) संजीव नैन ने बताया कि 30 मार्च 2026 को एक महिला परिवादिया ने महेश नगर थाने में मामला दर्ज कराया था। रिपोर्ट में बताया गया कि राजेंद्र कुमार वैष्णव ने 10-15 महिला एवं पुरुष साथियों के साथ मिलकर क्षेत्र के एक शराब ठेके पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने ठेके पर जमकर हंगामा किया, वहां खड़ी परिवादिया की स्कॉर्पियो गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया तथा एक मोटरसाइकिल में आग लगा दी। इसके अलावा अन्य वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। आरोपियों ने ठेका बंद कराने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए थे।
वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए सीएसटी को आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे। महेश नगर थाने में दर्ज प्रकरण में वांछित राजेंद्र कुमार वैष्णव की गिरफ्तारी पर पांच हजार का इनाम घोषित किया गया था।
सीएसटी टीम ने तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर तंत्र और संभावित ठिकानों पर निगरानी के आधार पर आरोपी को दस्तयाब कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की वैधानिक कार्रवाई एवं पूछताछ के लिए महेश नगर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
पुलिस अब आरोपी से वारदात में शामिल अन्य आरोपियों, घटना की साजिश और फरारी के दौरान उसके ठिकानों के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।



















