जयपुर। उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने सोमवार को जयपुर स्थित ईपी मिराज सिनेमा में आयोजित फिल्म ‘कृष्णावतारम’ की विशेष स्क्रीनिंग में भाग लिया। इस अवसर पर फिल्म में भगवान श्रीकृष्ण की भूमिका निभाने वाले अभिनेता सिद्धार्थ तथा सत्यभामा का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री संस्कृति भी उपस्थित रहीं।
फिल्म देखने के बाद उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि ‘कृष्णावतारम’ भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने वाली प्रेरणादायक फिल्म है। उन्होंने कहा कि फिल्म महिला सशक्तिकरण और महिला उत्थान का सशक्त संदेश देती है, जो समाज को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने का कार्य करेगी।
उन्होंने फिल्म के कलाकारों के अभिनय की सराहना करते हुए कहा कि सभी कलाकारों ने अपने-अपने पात्रों को जीवंत और प्रभावशाली ढंग से निभाया है। साथ ही फिल्म के निर्देशन, प्रस्तुति और तकनीकी पक्ष को भी उत्कृष्ट बताया।
दिया कुमारी ने फिल्म की पूरी टीम को बधाई देते हुए इसके सफल प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और सामाजिक संदेशों पर आधारित ऐसी फिल्मों का निर्माण समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देता है।
विशेष स्क्रीनिंग के दौरान जनप्रतिनिधियों, उद्योग जगत से जुड़े लोगों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा गणमान्य नागरिकों की बड़ी संख्या मौजूद रही।
इस अवसर पर जयपुर सांसद मंजू शर्मा, जयपुर जिला प्रमुख राम चोपड़ा, भाजपा जिला अध्यक्ष अमित गोयल, आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा नेता रवि नैय्यर, किशनपोल विधानसभा क्षेत्र से भाजपा नेता चंद्र मनोहर बटवाड़ा सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।



















