पुरुषोत्तम मास में भक्ति का उल्लास: कथा, राम जन्मोत्सव और नंदोत्सव में उमड़े श्रद्धालु

0
54

जयपुर। अधिकमास (पुरुषोत्तम मास) के पावन अवसर पर जयपुर के विभिन्न मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर श्रीमद्भागवत कथा, राम जन्मोत्सव, कृष्ण जन्म नंदोत्सव और आध्यात्मिक आयोजनों की धूम रही। श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। विभिन्न आयोजनों में कथावाचकों ने भागवत कथा के माध्यम से धर्म, भक्ति और संस्कारों का संदेश दिया।

पुरुषोत्तम मास में कथा श्रवण से मिलती है पापों से मुक्ति : अनिल कृष्ण शास्त्री

राजकुमारी शर्मा की पुण्यतिथि पर विक्रम नाथ महाराज पालवास वालों के सान्निध्य में विश्वास दरबार के तत्वावधान में विद्याधर नगर सेक्टर-2 स्थित उत्सव सामुदायिक केंद्र में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में गुरुवार को सती चरित्र, ध्रुव चरित्र, प्रह्लाद चरित्र और नृसिंह लीला के प्रसंग सुनाए गए।

वृंदावन धाम से पधारे कथावाचक अनिल कृष्ण शास्त्री महाराज ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का वास्तविक फल तभी प्राप्त होता है जब उसके संदेशों को जीवन में उतारा जाए। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति स्वयं कथा का आयोजन कर परिवार और समाज को कथा श्रवण कराता है, उसे अनेक पापों से मुक्ति मिलती है। पुरुषोत्तम मास में कथा श्रवण और आयोजन पितरों की शांति तथा लोककल्याण का प्रभावी साधन है।

कथा में जयपुर सहित विभिन्न जिलों से श्रद्धालु पहुंचे। खाटूधाम से श्याम कथावाचक पप्पू शर्मा, पवन पुजारी तथा मुंबई से सुप्रसिद्ध भजन प्रवाहक राजू खंडेलवाल भी कथा में शामिल हुए। इस अवसर पर केदार भाला, भंवर पीपलवा, नंदलाल शास्त्री, गोपाल जोशी, प्रकाश नौवाल, नरेंद्र जोधा, पवन जोशी, सुरेश काथवाल, भवानी, सतीश शर्मा, संजय जोशी, छीतरमल, रूपेश शर्मा और पवन झिकनाडिया सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि कथा 16 जून तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक होगी।

सीताराम मंदिर में धूमधाम से मनाया राम जन्मोत्सव

छोटी चौपड़ स्थित श्री सीतारामजी मंदिर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के दौरान गुरुवार को भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। व्यासपीठ से आशीष महाराज ने कथा श्रवण कराई।

मंदिर परिसर में राम जन्मोत्सव के दौरान भजन-कीर्तन हुए तथा श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के प्राकट्य का उत्सव मनाया। भक्तों को मिठाई, फल, टॉफियां एवं वस्त्र वितरित किए गए।

आशीष महाराज ने कहा कि भगवान भक्तों के प्रेम और भावना से प्रसन्न होते हैं तथा सदैव उनकी रक्षा करते हैं। उन्होंने गुरु की शरण को ईश्वर कृपा प्राप्त करने का सर्वोत्तम माध्यम बताया। कथा में 121 पोथी आचार्यों ने पाठ किया। मंदिर से जुड़े रामबाबू झालानी ने बताया कि कथा का आयोजन 15 जून तक प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तथा शाम 4 बजे से 6 बजे तक होगा।

श्याम बिहारी मंदिर में कृष्ण जन्म नंदोत्सव पर बिखरी खुशियां

दीनानाथ जी का रास्ता स्थित श्री श्याम बिहारी मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के अंतर्गत गुरुवार को कृष्ण जन्म नंदोत्सव बड़े उत्साह से मनाया गया। कथा व्यास पंडित अनूप जोशी ने जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण के जन्म और नंदोत्सव प्रसंग का वर्णन किया, पूरा पांडाल “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोषों से गूंज उठा।

इस अवसर पर ठाकुरजी का विशेष श्रृंगार किया गया तथा आकर्षक झांकियां सजाई गईं। महिलाओं ने मंगल गीत गाकर बधाइयां दीं और श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा कर भगवान का स्वागत किया। कथा स्थल पर माखन-मिश्री, पंचामृत और प्रसाद का वितरण किया गया।

उत्सव के दौरान कपड़े, खिलौने, टॉफियां, फल और मिठाइयों की उछाल के साथ बधाई गान का आयोजन हुआ। पूरे कथा स्थल को रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया। आयोजकों ने बताया कि 14 जून को पूर्णाहुति, महायज्ञ, हवन और विशाल भंडारे के साथ कथा का समापन होगा।

गीता गायत्री मंदिर में वामन अवतार की कथा

दिल्ली रोड स्थित श्री गीता गायत्री मंदिर में पुरुषोत्तम मास कृष्ण पक्ष के उपलक्ष्य में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन जारी है। व्यासपीठ से विराजित वृंदावन के पंडित श्याम नारायण शास्त्री महाराज ने कथा के तीसरे दिन वामन अवतार का प्रसंग सुनाया।

उन्होंने कहा कि भगवान वामन ने छोटे स्वरूप में संपूर्ण जगत को नापकर यह संदेश दिया कि मनुष्य को भक्ति, त्याग और विनम्रता के साथ जीवन जीना चाहिए। मंदिर प्रवक्ता नीतीश चैतन्य चतुर्वेदी ने बताया कि शुक्रवार 12 जून को कथा के चौथे दिन राम जन्मोत्सव और कृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इसके लिए कथा स्थल को गुब्बारों, पुष्प सज्जा और भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं के चित्रों से सजाया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार पुरुषोत्तम मास के दौरान मंदिरों में प्रतिदिन संत-महंतों का आगमन हो रहा है और श्रद्धालुओं में धार्मिक आयोजनों को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here