जयपुर। पुलिस थाना गलता गेट ने लोडिंग वाहन का पीछा कर उसमें रखी नकदी चोरी करने वाली एक संगठित गैंग का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई राशि में से 4 लाख 51 हजार 100 रुपये बरामद कर लिए हैं तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा ने बताया कि 2 जून 2026 को वन विहार क्षेत्र में एक लोडिंग वाहन से 5 लाख 70 हजार 175 रुपये चोरी होने का मामला पुलिस थाना गलता गेट में दर्ज किया गया था। अज्ञात बदमाशों ने वाहन का पीछा कर चालक की अनुपस्थिति में नकदी पर हाथ साफ कर दिया था। इधर मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नीरज पाठक तथा सहायक पुलिस आयुक्त आदित्य पूनिया के नेतृत्व में थानाधिकारी धर्म सिंह की टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर 11 जून को महेंद्र कुमार रैगर, राहुल जाटव और जतिन मनमानी उर्फ गंजू को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और चोरी की गई नकदी बरामद की। पुलिस पूछताछ में और भी कई वारदाते खुलने की आशंका जताई जा रही है।



















