पड़ोसन ही निकली मासूम की कातिल: पति पर शक और रंजिश में 5 वर्षीय बच्ची की हत्या

0
48
5-year-old girl murdered due to suspicion of husband and a grudge
5-year-old girl murdered due to suspicion of husband and a grudge

जयपुर। हरमाड़ा थाना क्षेत्र में पांच वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि पति पर शक, पड़ोसन से रंजिश और बदले की भावना ने आरोपी को इस कदर अंधा बना दिया कि उसने मासूम बच्ची की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी शव को दीवान में छिपाकर खुद भी बच्ची की तलाश में शामिल होने का नाटक करती रही।

हरमाड़ा थाना प्रभारी उदय सिंह ने बताया कि आरोपी गुड़िया (30) पत्नी अफरोज उर्फ फिरोज खान, मूल निवासी ग्राम खाना, जिला भरतपुर तथा वर्तमान निवासी श्री श्याम वाटिका, बेनाड़, जयपुर को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिला को संदेह था कि उसका पति मृतका की मां से फोन पर बातचीत करता है। इसके अलावा दोनों महिलाओं के बीच पानी भरने को लेकर भी विवाद हुआ था। आरोपी के मन में मृतका की मां के प्रति गहरी रंजिश पैदा हो गई थी। वह उसे ऐसा दर्द देना चाहती थी जिसे वह जिंदगीभर न भूल सके।

पुलिस के अनुसार 13 जून की दोपहर मासूम बच्ची खेलते-खेलते आरोपी महिला के घर पहुंच गई। आरोपी ने उसे बहला-फुसलाकर घर में रोक लिया। इसके बाद बच्ची को कंबल में लपेटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने बच्ची के कपड़े उतार दिए और शव को घर में रखे दीवान (बेड बॉक्स) में छिपाकर ऊपर से बिस्तर रख दिए, ताकि किसी को शक न हो।

जब बच्ची घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। देखते ही देखते कॉलोनी के लोग भी खोजबीन में जुट गए। हैरानी की बात यह रही कि आरोपी महिला भी लोगों के साथ बच्ची को तलाशने का नाटक करती रही। करीब डेढ़ घंटे तक वह परिजनों के साथ इधर-उधर खोजबीन करती रही, ताकि उस पर किसी प्रकार का संदेह न हो।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में बच्ची को आरोपी महिला के घर में प्रवेश करते हुए देखा गया, लेकिन बाहर निकलते हुए नहीं। इसी महत्वपूर्ण सुराग के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची।
पुलिस ने जब आरोपी के घर की तलाशी ली तो दीवान के अंदर कंबल में लिपटा बच्ची का शव बरामद हुआ। यह दृश्य देखकर परिजन और आसपास मौजूद लोग स्तब्ध रह गए।

पूछताछ में आरोपी महिला ने स्वीकार किया कि वह रात होने का इंतजार कर रही थी। उसका इरादा शव को किसी सुनसान इलाके या जंगल में फेंकने का था, ताकि हत्या का राज छिपा रहे और पुलिस गुमराह हो जाए। हालांकि इससे पहले ही पुलिस ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मृतका के पहने हुए कपड़े और चप्पल भी बरामद कर लिए हैं। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की साजिश और उसके पीछे की वजहों का खुलासा किया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है।

पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और लगातार पूछताछ के आधार पर इस जघन्य हत्याकांड का मात्र 24 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here