सात दिवसीय निशुल्क समर कैंप 17 जून से: बच्चों और महिलाओं को मिलेगा बहुआयामी प्रशिक्षण

0
57

जयपुर। समाज में प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा महिलाओं एवं बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्यरत नृत्यम फाउंडेशन की ओर से 17 जून से सात दिवसीय निशुल्क समर कैंप का आयोजन किया जाएगा। सोडाला स्थित अलाइन योगा स्टूडियो में आयोजित होने वाले इस शिविर में बच्चों और महिलाओं को डांस, योगा, मार्शल आर्ट्स तथा ब्यूटीशियन से जुड़े विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण विशेषज्ञों द्वारा दिया जाएगा।

फाउंडेशन की निदेशक काजल सैनी ने बताया कि वर्तमान समय में केवल शैक्षणिक ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास, शारीरिक फिटनेस और कौशल विकास भी समान रूप से आवश्यक हैं। इसी उद्देश्य से इस निशुल्क समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है, ताकि प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा निखारने और नए कौशल सीखने का अवसर मिल सके।

उन्होंने बताया कि शिविर में प्रसिद्ध कोरियोग्राफर रेनू सैनी प्रतिभागियों को डांस की बारीकियां सिखाएंगी। वहीं अलाइन योगा स्टूडियो की अनुभवी प्रशिक्षक मीनाक्षी जायसवाल योग एवं स्वस्थ जीवनशैली से जुड़ी उपयोगी जानकारी देंगी। नेशनल ब्यूटी एसोसिएशन से जुड़ी प्रोफेशनल मेकअप आर्टिस्ट शेफाली गुप्ता ब्यूटी एवं मेकअप क्षेत्र में करियर की संभावनाओं और व्यावहारिक प्रशिक्षण से अवगत कराएंगी। इसके अलावा टाइगर मार्शल आर्ट एकेडमी की टीम प्रतिभागियों को आत्मरक्षा और शारीरिक सशक्तिकरण के लिए मार्शल आर्ट्स का प्रशिक्षण प्रदान करेगी।

काजल सैनी ने बताया कि शिविर का उद्देश्य केवल अवकाश का सदुपयोग करना नहीं, बल्कि प्रतिभागियों को जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना भी है। विशेष रूप से महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा, स्वास्थ्य, सौंदर्य और आत्मविश्वास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी, जिससे वे सामाजिक और व्यक्तिगत स्तर पर अधिक सशक्त बन सकें।

उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में व्यावहारिक प्रशिक्षण के साथ प्रतिभागियों को टीम वर्क, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच जैसे जीवन मूल्यों से भी परिचित कराया जाएगा। समापन समारोह में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

काजल सैनी ने बताया कि यह आयोजन नृत्यम फाउंडेशन के सहयोगी सदस्यों के आर्थिक एवं नैतिक सहयोग से पूरी तरह निशुल्क आयोजित किया जा रहा है, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग के बच्चे और महिलाएं इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी करने की अपील करते हुए कहा कि फाउंडेशन भविष्य में भी सामाजिक, शैक्षणिक और कौशल विकास से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here